प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर में 8,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया
संतोष दिलीप
- 13 Sep 2025, 08:55 PM
- Updated: 08:55 PM
इंफाल/चूड़ाचांदपुर, 13 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद राज्य में अपनी पहली यात्रा के दौरान 8,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कुकी समुदाय के गढ़ चूड़ाचांदपुर से मोदी ने 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
इनमें 3,647 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली मणिपुर की शहरी सड़कें, जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन सुधार पहल और 550 करोड़ रुपये की लागत वाली मणिपुर इन्फोटेक डेवलपमेंट (एमआईएनडी) परियोजना शामिल हैं।
उन्होंने 142 करोड़ रुपये की लागत से कामकाजी महिलाओं के लिए नौ छात्रावासों और 105 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली सुपर-स्पेशलिटी एवं स्वास्थ्य सेवा सुविधा की भी आधारशिला रखी।
उन्होंने पोलो ग्राउंड और उसके आसपास 30 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी ढांचे के विकास और 134 करोड़ रुपये की लागत से सभी 16 जिलों में 120 स्कूलों के उन्नयन की आधारशिला रखी।
जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें ग्रामीण संपर्क, शिक्षा और पर्यटन से संबंधित कुल 102 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाएं भी शामिल थीं।
इंफाल के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 36 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुद्देशीय इनडोर स्टेडियम का निर्माण और 502 करोड़ रुपये की लागत से टेंग्नौपाल खंड में एनएच 102ए का उन्नयन भी शामिल है।
मेइती बहुल इंफाल में उन्होंने लगभग 1,200 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इंफाल के कांगला किला परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम मई 2023 में मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़कने के बाद राज्य की उनकी पहली यात्रा का हिस्सा था।
प्रधानमंत्री ने मंत्रिपुखरी में 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नये मणिपुर पुलिस मुख्यालय और 538 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए सिविल सचिवालय का उद्घाटन किया।
उन्होंने नयी दिल्ली और कोलकाता में नवनिर्मित मणिपुर भवन तथा राज्य की राजधानी में इंफाल नदी के पश्चिमी मोर्चे के विकास चरण-2 एवं मॉल रोड चरण-2 का भी उद्घाटन किया।
मोदी ने जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें चार जगहों पर ‘इमा बाजार’ (माताओं के लिए बाजार) की स्थापना, इंफाल वेस्ट जिले में लीशांग हिडेन सांस्कृतिक एवं विरासत पार्क का विकास, इंफाल वेस्ट, थौबल तथा काकचिंग जिलों में पांच सरकारी कॉलेज के बुनियादी ढांचे का विकास और नोनी में इरंग नदी पर इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग-37 को जोड़ने वाला चार लेन पुल शामिल है।
प्रधानमंत्री ने चूड़ाचांदपुर जिले के सैकोट सीएचसी में स्टाफ क्वार्टर के साथ संस्थागत भवन का भी उद्घाटन किया।
भाषा संतोष