सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने जापान को आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख से अवगत कराया
धीरज देवेंद्र
- 23 May 2025, 11:34 PM
- Updated: 11:34 PM
(तस्वीरों के साथ)
तोक्यो, 23 मई (भाषा) भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जापान के कई नेताओं से मुलाकात की और आतंकवाद के खिलाफ भारत के एकीकृत और दृढ़ रुख की जानकारी दी।
इस अवसर पर जापानी नेताओं ने सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के भारत के संकल्प के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पहलगाम हमले के एक महीने बाद जापान पहुंचा है, जहां दल के नेता पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद के बारे में जापान के नेताओं को जानकारी दे रहे हैं। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने जापान की सत्तारूढ़ ‘लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी’ (एलडीपी) के आतंकवाद-रोधी अनुसंधान समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं पूर्व न्याय मंत्री यासुहिरो हनाशी से मुलाकात की। जापान के पूर्व रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा के साथ भी सार्थक बातचीत की।
प्रतिनिधिमंडल ने एलडीपी के अंतरराष्ट्रीय ब्यूरो के महानिदेशक शिनाको त्सुचिया को भी भारत के रुख से अवगत कराया।
भारतीय सांसदों ने जापान-भारत संसदीय मैत्री लीग के अध्यक्ष यासुतोशी निशिमुरा और जापान के प्रतिनिधि सभा (संसद के निम्न सदन)के अध्यक्ष फुकुशिरो नुकागा से भी मुलाकात की।
जापान में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के आतंकवाद-रोधी अनुसंधान समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं पूर्व न्याय मंत्री यासुहिरो हनाशी से मुलाकात की। आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ भारत के एकीकृत और दृढ़ रुख पर प्रकाश डाला गया। दोनों पक्षों ने आतंकवाद के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने संबंधी दृष्टिकोण को दोहराया।’’
जापान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘ प्रतिनिधिमंडल ने यहां भारतीय दूतावास में एक ‘केंद्रित और जीवंत’ प्रेस वार्ता आयोजित की, जहां संसद सदस्यों ने जापानी मीडिया को सीमा पार हमलों के खिलाफ भारत की ‘नयी’ नीति, आतंकवाद के प्रति कतई न सहन करने की नीति और सभी पक्षों द्वारा राष्ट्रीय हित के सभी मामलों में एकजुट रहने के संकल्प के बारे में जानकारी दी।’’
दूतावास ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि जब सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने चेयरमैन निशिमुरा के नेतृत्व में जापान-भारत संसदीय मैत्री लीग के साथ बातचीत की, तो ‘‘लीग के सदस्यों ने सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के भारत के संकल्प के प्रति समर्थन व्यक्त किया।’’
दूतावास ने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से बताया कि इससे पहले, प्रतिनिधिमंडल ने यासुहिरो हनाशी से मुलाकात की, जहां ‘दोनों पक्षों ने आतंकवाद के प्रति अपने शून्य बर्दाश्त के दृष्टिकोण को दोहराया।’’
इससे पहले बृहस्पतिवार को प्रतिनिधिमंडल ने जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से मुलाकात की थी।
भाषा धीरज