डेंगू कार्य योजना के मसौदे में अधिक दंड और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव
जितेंद्र रंजन
- 06 May 2025, 06:37 PM
- Updated: 06:37 PM
(नेहा मिश्रा)
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘डेंगू कार्य योजना 2025’ के मसौदे में मच्छरों के खतरे से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम (डीएमसी) अधिनियम, 1957 के तहत दंड में वृद्धि से लेकर जल बोर्ड को पानी के रिसाव को ठीक करने का निर्देश देने और हर निजी व सरकारी कार्यालय में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के प्रस्ताव सहित कुछ प्रमुख उपायों को शामिल किया गया है।
‘पीटीआई-भाषा’ के पास मौजूद मसौदे के अनुसार, एक व्यापक डेंगू कार्य योजना पर काम जारी है, जिसका उद्देश्य सख्त कानूनी प्रवर्तन, गहन निगरानी और बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय के माध्यम से मच्छर जनित बीमारियों से निपटना है।
योजना में मच्छरों के प्रजनन वाली जगह पाई जाने पर डीएमसी अधिनियम की संशोधित धारा 428 के तहत दंड में वृद्धि का प्रस्ताव है।
हालांकि, मसौदे में प्रस्तावित जुर्माने की राशि या इसे कितना बढ़ाया जा सकता है, इसका उल्लेख नहीं है।
योजना के हिस्से के रूप में, शिक्षा विभाग को सुबह की प्रार्थना सभाओं के माध्यम से स्कूली बच्चों के बीच जागरूकता सुनिश्चित करने और पाठ्यपुस्तकों में शामिल करने के लिए आयु-वार पाठ्यक्रम सामग्री विकसित करने के लिए कहा जाएगा, ताकि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम पर ध्यान केंद्रित किया जा सके।
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग को मच्छर वाली जगहों की नियमित निगरानी, चालान व कानूनी नोटिस जारी करने और अन्य विभागों के साथ समन्वय करने का काम सौंपा जाएगा।
इंजीनियरिंग विभागों और नागरिक एजेंसियों को जलरोधी संरचनाओं को रचना करने और जल संचय को रोकने के लिए भूमि समतलीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) को असुरक्षित तरीके से पानी जमा करने के चलन को छोड़कर सभी कॉलोनियों में पाइपलाइनों के माध्यम से पर्याप्त पीने योग्य पानी की आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है।
मसौदे के अनुसार, जल बोर्ड को ‘वाल्व चैंबर’ और ‘बूस्टर स्टेशन’ पर रिसाव व पानी के ठहराव को भी रोकना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि निर्माण स्थल पर पानी रुका हुआ न रहे।
अस्पतालों सहित सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को यह सुनिश्चित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करना होगा कि परिसर में मच्छर पैदा न हों।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हर वर्ष की तरह, हम रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए यह योजना तैयार कर रहे हैं। जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण घटक है।”
उन्होंने बताया, “बुनियादी स्वच्छता और रखरखाव के साथ, हम इन बीमारियों से बच सकते हैं लेकिन दुर्भाग्य से, लोग अक्सर इसकी उपेक्षा करते हैं।”
अधिकारी ने बताया कि कार्य योजना 2025 तैयार है और जल्द ही जारी की जाएगी।
भाषा जितेंद्र