प्रधानमंत्री मोदी ने वापी में चिकित्सा उपकरण निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया
पारुल माधव
- 29 Oct 2024, 08:05 PM
- Updated: 08:05 PM
वापी, 29 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में वलसाड जिले के वापी में मेरिल की विनिर्माण इकाई का मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन किया।
मेरिल चिकित्सा उपकरणों का निर्माण और निर्यात करने वाली वैश्विक कंपनी है।
एक विज्ञप्ति के मुताबिक, वापी में उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत मेरिल की विनिर्माण इकाई की स्थापना की गई है। इसमें कहा गया है कि उद्घाटन के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल वापी में मेरिल मुख्यालय में मौजूद थे।
विज्ञप्ति में कहा गया है, “मेरिल ने वैश्विक स्तर पर भारत की उपस्थिति बढ़ाई है। कंपनी सक्रिय रूप से विदेशी आयात पर भारत की निर्भरता घटा रही है और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण का समर्थन कर रही है।”
मेरिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विवेक शाह ने कहा, “स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप पीएलआई योजना के तहत मान्यता हासिल करना हमारे लिए सम्मान की बात है। यह नयी सुविधा नवाचार और गुणवत्ता के प्रति मेरिल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो हमें 150 देशों में वैश्विक स्तर पर उन्नत स्वास्थ्य सेवा समाधान प्रदान करने में सक्षम बनाती है।”
मेरिल ने ‘वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन-2024’ के दौरान गुजरात सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर दस्तखत किए थे, जिसके तहत चिकित्सा उपकरणों के निर्माण के क्षेत्र में 910 करोड़ रुपये के नये निवेश का वादा किया गया था।
विज्ञप्ति के अनुसार, “मेरिल ने अभी तक 1,400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है, जो भारत के मेडटेक पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को उजागर करता है। इस निवेश से 5,000 नौकरियां पैदा होने और महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों के आयात में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।”
इसमें कहा गया है कि उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना के तहत घरेलू स्तर पर आवश्यक उपकरणों के उत्पादन का समर्थन करने के लिए ‘स्ट्रक्चरल हार्ट डिजीज’ (हृदय की संरचना में दोष या विकार), ‘वास्कुलर इंटरवेंशन’ (हृदय और रक्त प्रवाह संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए किए जाने वाले हस्तक्षेप), हड्डी रोग और एंडो-सर्जरी (एंडोमेट्रियॉसिस को हटाने वाली सर्जरी) के क्षेत्र में काम करने वाली मेरिल समूह की चार कंपनियां शामिल की गई हैं।
भाषा पारुल