फरीदाबाद के अंडरपास में डूबने से दो लोगों के मौत की घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू
नोमान
- 16 Sep 2024, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
फरीदाबाद (हरियाणा), 14 सितंबर (भाषा) हरियाणा में ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में पानी भर जाने के कारण अपनी कार में फंसकर दो बैंक कर्मचारियों की मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एनआईटी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुलदीप सिंह ने कहा, “यह बहुत बड़ा हादसा था। इस मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर निश्चित रूप से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी दुर्घटना दोबारा न हो।”
पुलिस ने पहले बताया था कि यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब पीड़ित पुण्याश्रय शर्मा (48) और विराज (26) गुरुग्राम से ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को हुई बारिश के कारण अंडरपास जलमग्न हो गया था और एहतियात के तौर पर कारों को इसमें प्रवेश न करने की चेतावनी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि रात करीब 11:50 बजे एक एक्सयूवी 700 सभी चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए अंडरपास में घुस गई और गहरे पानी में फंस गई, जिसके बाद पानी वाहन में घुस गया।
पुलिस उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने पहले ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया था “अंडरपास के प्रवेश द्वार पर एक बैरिकेड लगा दिया गया था क्योंकि वहां पानी भरा हुआ था। एसयूवी में सवार लोगों को पुलिस अधिकारियों ने दूसरा रास्ता लेने को कहा था।”
उन्होंने कहा, “लेकिन उन्होंने बैरिकेड हटा दिया और अंडरपास से गुजरने का प्रयास किया। कार के दरवाजे बंद हो गए क्योंकि वह पानी में फंस गई और दोनों की डूबने से मौत हो गई।”
फरीदाबाद के उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने हरियाणा के मुख्य सचिव के निर्देश पर मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच का जिम्मा अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) आनंद शर्मा को सौंप दिया गया है, जिन्होंने जांच शुरू कर दी है।
विराज के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं अतिरिक्त उपायुक्त आनंद शर्मा ने शुरू कर दी है। उन्होंने नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारियों को नोटिस भेजकर मामले की सुनवाई में शामिल होने को कहा। आज इस मामले की सुनवाई हुई, जिसमें निगम अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार को भी शामिल किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
भाषा सं.