वोक्कालिगा मंत्रियों, विधायकों ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से भाजपा विधायक के खिलाफ कार्रवाई को कहा
नेत्रपाल माधव
- 16 Sep 2024, 06:42 PM
- Updated: 06:42 PM
बेंगलुरु, 16 सितंबर (भाषा) वोक्कालिगा समुदाय से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात की और भाजपा विधायक एन मुनिरत्न के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अनुरोध किया। मुनिरत्न को एक पूर्व पार्षद पर जातिवादी टिप्पणी करने समेत विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
मंत्री एन चेलुवरायस्वामी और एम सी सुधाकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिद्धरमैया से उनके आवास पर मुलाकात की।
पूर्व मंत्री मुनिरत्न को शनिवार शाम उनके खिलाफ दो मामले दर्ज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था और वह फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।
चेलुवरायस्वामी ने कहा, ‘‘स्थिति ऐसी है कि न केवल हमारे वोक्कालिगा समुदाय को, बल्कि पूरे समाज को उनका (मुनिरत्न) बहिष्कार करना चाहिए। हमारी सरकार ने पहले ही कानून के अनुसार उन्हें गिरफ्तार करके उनके खिलाफ कार्रवाई की है और उन्हें अदालत में पेश किया गया है।’’
उन्होंने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘जब कोई आम आदमी ऐसी गलती करता है तो कार्रवाई की जाती है, लेकिन जब कोई जन-प्रतिनिधि ऐसा करता है...तो हमने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि अधिक जानकारी जुटाकर और अधिक सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’
बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले मुनिरत्न को शनिवार शाम कोलार के मुलबागल के नांगली गांव से बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के एक ठेकेदार को रिश्वत के लिए परेशान करने, एक पूर्व पार्षद पर जातिवादी टिप्पणी करने, धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी देने और एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
शिकायतकर्ताओं में से एक ठेकेदार चेलुवराजू ने अपने और मुनिरत्न के बीच फोन पर हुई बातचीत की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जारी की है, जिसमें मुनिरत्न ने वोक्कालिगा और दलित समुदाय के व्यक्तियों के संदर्भ में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं।
मुनिरत्न ने शनिवार को एक वीडियो बयान में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप ‘‘सच्चाई से कोसों दूर’’ हैं और उन्होंने वोक्कालिगा तथा दलित समुदाय या उससे संबंधित लोगों के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी या बात नहीं की है।
भाषा नेत्रपाल