घाटल: उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर टीएमसी सांसद देव पार्टी सहयोगी कुणाल घोष से भिड़े
सुरेश संतोष
- 07 Sep 2024, 09:42 PM
- Updated: 09:42 PM
कोलकाता, सात सितंबर (भाषा) ‘देव’ के नाम से चर्चित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद दीपक अधिकारी शनिवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में अपने निर्वाचन क्षेत्र घाटल स्थित एक राजकीय अस्पताल में डायलिसिस और स्कैन मशीन सुविधाओं के उद्घाटन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी कुणाल घोष से सोशल मीडिया पर भिड़ गए।
यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब घोष ने चार सितंबर को इन सुविधाओं का उद्घाटन करने वाले देव के नाम वाली पट्टिका की तस्वीर पोस्ट की। इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नाम और तस्वीर वाली एक अन्य पट्टिका के साथ जोड़ा गया, जो दर्शाता है कि उन्होंने (बनर्जी ने) 11 मार्च, 2024 को सुविधाओं का उद्घाटन किया था।
घोष ने ‘एक्स’ और फेसबुक पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, ‘‘यद्यपि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 12 मार्च को डायलिसिस इकाई का उद्घाटन किया था, लेकिन अब हमारे सांसद देव ने इसका दूसरी बार उद्घाटन किया है। इससे स्थानीय लोग हैरान हैं। क्या फिल्मों में सुपरस्टार होने के लिए ऐसा किया जा सकता है? आप सिर्फ रील हीरो नहीं, बल्कि असली हीरो लगते हैं!’’
जवाब में देव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि इस यूनिट के लिए मशीनें एक सप्ताह पहले ही आई हैं।
उन्होंने बांग्ला में अपने जवाब में कहा, ‘‘दीदी (ममता बनर्जी) ने 11 मार्च को घाटल अस्पताल में ये सुविधाएं स्थापित करने के बारे में एक वर्चुअल घोषणा की थी। हालांकि, पिछले सप्ताह मशीनें आने के बाद, मैंने अस्पताल के अधिकारियों के अनुरोध पर व्यक्तिगत रूप से उनका उद्घाटन किया। तथ्य यह है कि न तो मुख्यमंत्री और न ही सांसद को इन सुविधाओं से लाभ होगा, (बल्कि) आम आदमी को होगा।’’
अभिनेता से नेता बने देव ने घोष से आग्रह किया कि वह ‘‘सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें।’’
पूर्व राज्यसभा सदस्य घोष ने जवाब दिया, ‘‘तस्वीरों से यह स्पष्ट है कि दो अलग-अलग उद्घाटनकर्ताओं के साथ उद्घाटन दो बार नहीं हो सकता।"
देव ने आरजी कर मेडिकल एवं अस्पताल की घटना को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों का संदर्भ दिया और घोष से आग्रह किया कि वह अपनी टिप्पणियों से स्थिति को और खराब न करें।
घोष ने हाल ही में टॉलीगंज में बंगाली फिल्म उद्योग की एक सभा में देव की उपस्थिति का जिक्र किया, जिसमें अभिनेता से भाजपा नेता बनीं रूपा गांगुली सहित अन्य लोग भी शामिल थे।
भाषा सुरेश