सरकारी पैसे की ‘हेराफेरी’ को लेकर एक आईएएस अधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल
राजकुमार दिलीप
- 02 Sep 2024, 09:27 PM
- Updated: 09:27 PM
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने रिश्तेदार के नाम से संपत्ति खरीदने के लिए सरकारी खाते से कथित रूप से पैसे निकालने को लेकर आईएएस अधिकारी पद्मा जायसवाल के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 बैच की एजीएमयूटी कैडर की आईएएस अधिकारी जायसवाल ने 2007 में अरूणाचल प्रदेश के कामेंग में उपायुक्त रहने के दौरान ‘बड़ी प्रक्रियागत गड़बड़ी’ की थीं। जायसवाल फिलहाल पुडुचेरी में तैनात हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने भ्रष्टाचार और सरकारी धन की कथित हेराफेरी के मामले में पश्चिम कांमेंग के तत्कालीन वित्त एवं लेखा अधिकारी नोर बहादुर सोनार और तत्कालीन खजांची रिनचिन फुनत्सोक के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किया है।
सीबीआई के एक प्रवक्ता की ओर से जारी किये गये बयान के मुताबिक, जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि अपने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए जायसवाल ने भ्रष्ट और अवैध तरीकों से निजी उद्देश्यों के लिए सरकारी खाते से नकदी निकाली, ‘डिमांड ड्राफ्ट’ तैयार किए और उस राशि को चंडीगढ़ में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में निजी व्यक्तियों के खातों में भेज दिया।’’
जायसवाल की प्रतिक्रिया जानने के लिए उनके सरकारी ई-मेल आईडी पर भेजे गये प्रश्न का इस खबर के लिखे जाने तक कोई उत्तर नहीं आया।
सीबीआई की जांच में सामने आया कि सोनार और फुनत्सोक के साथ मिलकर रची गई आपराधिक साजिश के तहत जायसवाल ने कथित तौर पर सरकारी धन से बनाए गए तीन डीसीआर (डिपोजिट एट कॉल रिसीट) को तोड़कर 28 लाख रुपये के 10 डिमांड ड्राफ्ट जारी करवाए और इस राशि का उपयोग अपने रिश्तेदारों के नाम अचल संपत्तियां खरीदने में किया।
बयान में कहा गया है, "यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी (जायसवाल) ने कई मौकों पर कैशियर (फुनत्सोक) और एफएंडएओ (सोनार) को अपने कार्यालय में बुलाया और उनसे वापसी योग्य आधार पर नकद पैसे निकालने को कहा और कथित तौर पर उक्त राशि का दुरुपयोग किया।"
सीबीआई ने आरोप लगाया है कि जायसवाल ने अन्य आरोपियों के साथ साजिश करके 28 लाख रुपये की राशि के ड्राफ्ट और कॉल रिसीट (डीसीआर) तैयार करवाकर खजाने से राशि जारी करवाने के लिए "बड़ी प्रक्रियागत चूक" की।
भाषा राजकुमार