चिकित्सक के साथ बलात्कार एवं हत्या मामले के दोषियों को आठवले ने कड़ी सजा देने की मांग की
रंजन रंजन माधव
- 31 Aug 2024, 05:25 PM
- Updated: 05:25 PM
कोलकाता, 31 अगस्त (भाषा) कोलकाता के आर जी कर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और उसकी हत्या में शामिल लोगों के लिए मृत्युदंड की मांग करते हुये केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शनिवार को ऐसे अपराधों से निपटने के लिए कठोर कानून की आवश्यकता पर जोर दिया ।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने यह भी कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के आरोपियों को फास्ट-ट्रैक अदालतों में मुकदमा चलाना चाहिए।
मंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘महिला चिकित्सक की मौत एक दर्दनाक घटना है। फिलहाल, सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) घटना की जांच कर रही है। दोषी या दोषियों को मृत्युदंड दिया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य के खिलाफ भी आरोप सामने आए हैं, जहां इस महीने की शुरुआत में स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक का शव बरामद किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘इस शर्मनाक कृत्य में शामिल सभी लोगों को सजा मिलनी चाहिए।’’
घटना के सिलसिले में राज्य द्वारा संचालित चिकित्सा महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष से केंद्रीय एजेंसी ने पूछताछ की है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में नौ अगस्त को स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गयी । कोलकाता पुलिस ने एक नागरिक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया था।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी थी।
आठवले ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में इस तरह के जघन्य अपराध अक्सर होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में महाराष्ट्र के बदलापुर में दो किंडरगार्टन छात्राओं का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘इन घिनौनी घटनाओं से निपटने के लिए कड़े कानून की जरूरत है और आरोपियों के खिलाफ फास्ट-ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाया जाना चाहिए। सजा के लिए छह महीने से एक साल का समय होना चाहिए।’’
चिकित्सक की मौत के बाद पूरे देश में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए और समाज के विभिन्न वर्ग न्याय की मांग करते हुये सड़कों पर उतर आए।
भाषा रंजन रंजन