चिकित्सक दुष्कर्म-हत्या मामला: विरोध मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प
योगेश वैभव
- 22 Aug 2024, 09:37 PM
- Updated: 09:37 PM
कोलकाता, 22 अगस्त (भाषा) आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को कोलकाता के पूर्वी इलाके में निकाले जा रहे मार्च के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई।
भाजपा ने हुडको चौक से स्वास्थ्य भवन तक मार्च निकाला। स्वास्थ्य भवन साल्ट लेक में स्थित है और यह राज्य के स्वास्थ्य विभाग का मुख्यालय है।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने घोषणा की थी कि उसके नेता ‘स्वास्थ्य भवन’ का घेराव करेंगे।
भाजपा की बंगाल इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार और नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य के स्वास्थ्य विभाग तक मार्च के दौरान मार्ग में कई स्थानों पर लगाए गए पुलिस अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश की गई।
पुलिस ने शुरू में समर्थकों को शांत करने की कोशिश की लेकिन बाद में उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजीं।
पुलिस ने अधिकारी को हिरासत में लेकर कारागार वाहन में बैठाया, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरन वैन से छुड़ाने की कोशिश की।
अधिकारी ने कहा, "मुझे गिरफ्तार करके या भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई करके तृणमूल कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग नहीं सकती। हम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का तत्काल इस्तीफा चाहते हैं और जब तक ऐसा नहीं होता, हम नहीं रुकेंगे।"
अधिकारी ने कहा कि वह चार अन्य नेताओं के साथ राज्य के स्वास्थ्य सचिव से मिलना चाहते थे और एक ज्ञापन सौंपना चाहते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमें इसे जमा करने की अनुमति नहीं दी गई। मेरे और पार्टी सांसद सामिक भट्टाचार्य समेत हमारी पार्टी के नेताओं को हिरासत में लिया गया।"
मार्च के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने 'हमें न्याय चाहिए' और 'ममता बनर्जी इस्तीफा दो' जैसे नारे लगाए।
मजूमदार ने कहा, "स्वास्थ्य भवन तक हमारे मार्च को रोकने में पुलिस बहुत सक्रिय थी। लेकिन, जब आरजी कर अस्पताल में तोड़फोड़ की गई तो वे निष्क्रिय थे। हम चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए। तृणमूल सरकार हमारे राज्य की माताओं-बहनों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है। ममता बनर्जी को तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।"
भाषा योगेश