कोलकाता के अस्पताल कांड के विरोध में मार्च के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज
राजकुमार माधव
- 20 Aug 2024, 08:26 PM
- Updated: 08:26 PM
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 20 अगस्त (भाषा) आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और फिर उसकी हत्या की घटना के विरोध में मंगलवार को यहां पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय की ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के मार्च के दौरान उसके कार्यकर्ताओं के साथ झड़प छिड़ जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया एवं 20 से अधिक अभाविप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की, जो राज्य की स्वास्थ्य मंत्री और गृह मंत्री भी हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय ‘स्वास्थ्य भवन’ की ओर जाने वाली सड़कों पर अवरोधक लगा दिए थे, जिन्हें अभाविप कार्यकर्ताओं ने हटाने की कोशिश की।
अभाविप की एक महिला सदस्य ने कहा, ‘‘हम सिर्फ मुख्यमंत्री का इस्तीफा चाहते हैं। (आर जी) अस्पताल में जो घटना हुई वह कल्पना से परे है।’’
यहां नौ अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर की कथित रूप से बलात्कार के बाद हत्या कर दी गयी थी। अस्पताल के सेमिनार कक्ष में उसका शव मिला था। इस घटना के खिलाफ पूरे देश में जनाक्रोश पैदा हो गया।
इस अपराध में कथित संलिप्तता को लेकर एक स्वयंसेवी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आज प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और अभाविप के राष्ट्रीय सचिव राहुल राणा समेत परिषद के 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
विधाननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ गिरफ्तार किये गये प्रदर्शनकारियों में चार महिलाएं हैं।’’
पश्चिम बंगाल में सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं क्योंकि इस घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों का कार्यबहिष्कार आंदोलन मंगलवार को 12 वें दिन भी जारी रहा।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को इस मामले की जांच कोलकाता पुलिस से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया था जिसके अगले ही दिन उसने अपनी जांच शुरू कर दी।
पंद्रह अगस्त को तड़के एक भीड़ आर जी कर अस्पताल में घुस गयी थी और उसने आपात विभाग, नर्सिंग स्थान, मेडिसिन स्टोर में तोड़फोड़ की थी तथा सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिये थे।
भाषा राजकुमार