नोएडा में एक मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली
सं जोहेब पवनेश
- 17 Aug 2024, 04:48 PM
- Updated: 04:48 PM
नोएडा, 17 अगस्त (भाषा) नोएडा के सेक्टर 18 में शनिवार को डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने खाली कराया, हालांकि जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने कहा कि एक ईमेल में मॉल में बम रखे होने की धमकी मिलने बाद वहां तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ईमेल फर्जी प्रतीत होता है।
हालांकि, मॉल के अधिकारियों ने दोपहर करीब 1:35 बजे एक बयान में कहा कि यह "गतिविधि" नोएडा के अधिकारियों के सहयोग से आयोजित एक सुरक्षा अभ्यास था।
मॉल में मौजूद कई लोगों को बाहर निकाला गया और सुरक्षा जांच शुरू होने के कारण फिल्मों के प्रदर्शन को बीच में ही रोक दिया गया।
एक व्यक्ति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह मॉल में एक फिल्म देख रहा था तभी दर्शकों को वहां से जाने के लिए कहा गया।
उन्होंने लिखा, "पूरे नोएडा डीएलएफ मॉल को खाली कराया जा रहा है, इसे सुरक्षा अभ्यास कहा जा रहा है।"
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने मॉल में बम निरोधक दस्ते के एक वाहन की तस्वीर साझा की और पूछा कि क्या यह "अब भी एक मॉक ड्रिल" है।
बाद में एसीपी मीणा ने कहा, ''आगामी त्योहारों को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के विभिन्न स्थानों पर मॉल और भीड़-भाड़ वाले स्थानों की लगातार जांच की जा रही है।''
उन्होंने कहा, "ईमेल पर सूचना मिलने के बाद आज मॉल में गहन सुरक्षा जांच की गई। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और स्थिति सामान्य है। पहली नजर में ईमेल फर्जी लग रहा है।"
उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारी और अन्य टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और मॉल में स्थिति सामान्य है।
डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया ने अपने बयान में कहा, "हमें यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि मॉल अब खुला है और पूरी तरह से चालू है।"
बयान में कहा गया है, "हमारे ग्राहकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और डीएलएफ सभी के लिए एक सुरक्षित व सुखद अनुभव सुनिश्चित करने के लिए उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए लगातार समर्पित है।"
इस साल एक मई को, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत दिल्ली एनसीआर के कई स्कूलों में उस समय दहशत फैल गई थी जब उन्हें अपने परिसरों में बम रखे जाने के बारे में ईमेल मिले थे। हालांकि बाद में ये अफवाह निकली।
सं भाषा जोहेब