जेएनयू को उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा प्राप्त हो, बुनियादी ढांचे के लिए मिले अनुदान : कुलपति पंडित
धीरज माधव
- 12 Aug 2024, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा)जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलपति शांतिश्री डी पंडित ने सोमवार को कहा कि विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा दिया जाना चाहिए और इसके बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में मदद के लिए धन आवंटित किया जाना चाहिए क्योंकि इसने 2024 एनआईआरएफ रैंकिंग में देश के शीर्ष 10 संस्थानों में अपना स्थान बरकरार रखा है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को शिक्षा मंत्रालय के राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) 2024 की घोषणा की। जेएनयू ने एनआईआरएफ रैंकिंग में 10वां स्थान बरकरार रखा है। विश्वविद्यालय को 2023 और 2022 में यही स्थान प्राप्त हुआ था।
पंडित ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, छात्रों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को दिया तथा उन्हें ‘‘राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने’’ के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘जेएनयू लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हमें उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा और अनुदान दिया जाना चाहिए, जिससे हमारे बुनियादी ढांचे और अनुसंधान रैंकिंग में काफी मदद मिलेगी।’’
रैंकिंग में जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है। विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति मोहम्मद शकील ने इस उपलब्धि का श्रेय संकाय, छात्रों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की ‘‘लगातार कड़ी मेहनत’’ को दिया।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) में ‘मुक्त विश्वविद्यालयों’ की नई श्रेणी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
इग्नू की कुलपति उमा कांजीलाल ने कहा, ‘‘इग्नू मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा में अग्रणी रहा है, और अब हम मुक्त एवं डिजिटल शिक्षा में अग्रणी बन रहे हैं। ‘दूरस्थ’ शिक्षा को ‘डिजिटल’ शिक्षा से बदलने के हमारे मिशन ने हमें भारत और विश्व भर में लाखों शिक्षार्थियों तक ज्ञान पहुंचाने में सक्षम बनाया है।’’
एनआईआरएफ रैंकिंग में उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) की भागीदारी 2016 में 3,565 से बढ़कर 2024 में 10,845 हो गई है, जिसमें श्रेणियों और विषय डोमेन की संख्या 2016 में चार से बढ़कर 2024 में सोलह हो गई है।
भाषा
धीरज