रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 83.97 प्रति डॉलर पर
राजेश राजेश अजय
- 12 Aug 2024, 09:37 PM
- Updated: 09:37 PM
मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले सीमित दायरे में कारोबार के बाद दो पैसे की गिरावट के साथ 83.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। महत्वपूर्ण वृहद घरेलू आर्थिक आंकड़ों के जारी होने से पहले कारोबारियों द्वारा कारोबार से दूरी बनाए रखने के कारण रुपये में गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर में मजबूती के रुख और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपये में गिरावट आई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में रुपया 83.95 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 83.98 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर पहुंच गया और अंत में 83.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट है।
पांच अगस्त को रुपया 37 पैसे की गिरावट के साथ 84.09 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था। रुपया शुक्रवार को दो पैसे की तेजी के साथ 83.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिकी डॉलर में मजबूती और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये पर और दबाव पड़ सकता है।’’
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर बनाम रुपया की जोड़ी के लिए 84.00 का स्तर मनोवैज्ञानिक प्रतिरोध के रूप में काम कर रहा है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103.18 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80.34 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 56.99 अंक या 0.07 प्रतिशत गिरकर 79,648.92 अंक पर और निफ्टी 20.50 अंक या 0.08 प्रतिशत फिसलकर 24,347.00 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 4,680.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश