तमिलनाडु उपचुनाव: द्रमुक ने विक्रवांडी विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की
देवेंद्र संतोष
- 13 Jul 2024, 05:16 PM
- Updated: 05:16 PM
चेन्नई, 13 जुलाई (भाषा) सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने शनिवार को विक्रवांडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 67,757 मतों के अंतर से जीत दर्ज की जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) 56,296 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
शनिवार को मतगणना के दौरान द्रमुक के अन्नियुर शिवा बढ़त बनाए हुए थे और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीएमके उम्मीदवार सी. अंबुमणि के बीच अंतर हर चरण में बढ़ता गया।
विक्रवांडी विधानसभा सीट को बरकरार रखते हुए, सत्तारूढ़ द्रमुक ने 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से राज्य में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है।
मतगणना पूरी होने पर निर्वाचन आयोग ने घोषणा की कि अन्नियुर शिवा को 1,24,053 मत मिले हैं और नाम तमिलर काची के उम्मीदवार के अभिनया को 10,602 मत मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे। पीएमके के सी. अंबुमणि को 56,296 मत मिले।
द्रमुक कार्यकर्ताओं ने इस जीत के बाद पूरे राज्य में पटाखे फोड़े और लोगों को मिठाइयां बांटी।
द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा को अपनी हार से सबक सीखना चाहिए।
स्टालिन ने कहा, ‘‘भाजपा को यह समझना चाहिए कि क्षेत्रीय भावनाओं का सम्मान किए बगैर वह सरकार और पार्टी नहीं चला सकती।’’
उन्होंने इस जीत को एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह चुनावी जीत पार्टी के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी उपलब्धियों और विजय के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं; हम लोगों के साथ हैं और लोग हमारे साथ हैं।’’
मुख्यमंत्री ने जीत के लिए लोगों और अपनी पार्टी तथा सहयोगी दलों समेत उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने जीत के लिए कड़ी मेहनत की है।
मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक और हाल के लोकसभा चुनाव में उसकी सहयोगी डीएमडीके ने 10 जुलाई को हुए उपचुनाव का बहिष्कार किया था।
इस साल अप्रैल में द्रमुक विधायक एन. पुगाझेंथी का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया।
द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हाल में संपन्न संसदीय चुनाव में तमिलनाडु की सभी 39 जबकि पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
भाषा
देवेंद्र