मुनक नहर की मरम्मत का कार्य शुक्रवार रात तक पूरा होने की उम्मीद : आतिशी
जितेंद्र अविनाश
- 12 Jul 2024, 09:13 PM
- Updated: 09:13 PM
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार में जल मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि मुनक नहर का मरम्मत कार्य ‘तेजी से जारी है’ और शुक्रवार रात तक इसके पूरा होने की उम्मीद है।
हरियाणा से दिल्ली आने वाली मुनक नहर की एक शाखा के तटबंध में बुधवार देर रात दरार आ गई थी, जिससे बवाना के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शनिवार सुबह से द्वारका जल उपचार संयंत्र से जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुनक नहर की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। तटबंध के टूटे हुए हिस्से को मिट्टी से भर दिया गया है। अब नहर के किनारों पर आरसीसी का काम चल रहा है। इसके रात के नौ बजे तक पूरा होने की संभावना है।”
उन्होंने कहा, “उसके बाद हरियाणा से पानी छोड़ा जाएगा। पानी आने में पांच से छह घंटे लगते हैं। अनुमान है कि कल सुबह द्वारका जल उपचार संयंत्र चालू हो जायेगा।”
दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के एक अधिकारी ने बताया, “नहर में आई दरार की मरम्मत का काम जारी है। पानी का प्रवाह पूरी तरह से बंद होने के बाद अस्थायी रूप से टूटे हुए हिस्सों को ठीक कर दिया गया है। अधिकारी बृहस्पतिवार से मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित इलाकों से पानी पहले ही पंप के जरिये बाहर निकाल दिया गया है।”
उन्होंने कहा, “रखरखाव का काम हरियाणा सरकार संभाल रही है, इसलिए सभी निकाय काम में तेजी लाने के लिए हरियाणा विभाग के साथ नियमित संपर्क में हैं।”
एक स्थानीय निवासी गोपाल ने कहा, ‘‘कॉलोनियों से पानी निकाल दिया गया है और अधिकारियों की मौजूदगी में मरम्मत का काम जारी है।’’
मुनक नहर से निकलने वाली छोटी नहर (कैरियर लाइन चैनल-सीएलसी) का तटबंध बुधवार रात 12 बजे से दो बजे के बीच टूट गया। जल मंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार को बताया कि तटबंध के टूटने से मुनक नहर का पानी बवाना के कई इलाकों में घुस गया।
मंत्री ने कहा कि इसके कारण द्वारका, हैदरपुर, बवाना और नांगलोई में जल शोधन सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
भाषा जितेंद्र