आदित्यनाथ ने निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर मोदी को बधाई दी
भाषा
- 07 Oct 2026, 01:19 PM
- Updated: 01:19 PM
लखनऊ, सात अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और कहा कि उनका जीवन तथा नेतृत्व जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण और ''राष्ट्र प्रथम'' की भावना से चिह्नित रहा है।
आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि 'जनसेवा से राष्ट्रसेवा' को जीवन का ध्येय मानकर भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पित आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का अवसर है।
उन्होंने कहा, ''इन वर्षों की राष्ट्र साधना में जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना निरंतर प्रतिबिंबित हुई है। प्रधानमंत्री का जीवन देशवासियों को विकसित, आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र सेवा के इस अविराम पथ पर 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई।
आदित्यनाथ ने राज्य की राजधानी में 'विकसित भारत संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्षों की सराहना की और कहा कि 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा ने भारत को एक ''मजबूत और सक्षम'' राष्ट्र में बदल दिया है।
उन्होंने कहा, ''आज एक असाधारण यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसकी शुरुआत तब हुई जब नरेन्द्र मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने उस समय शासन का बागडोर संभाला जब राज्य एक विनाशकारी आपदा से जूझ रहा था और गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा था।''
आदित्यनाथ दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में भी डिजिटल माध्यम से शामिल हुए।
उन्होंने गुजरात को देश और दुनिया के सामने एक मॉडल राज्य के तौर पर पेश किया।
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के समय राज्य के हालात को याद करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य एक आपदा का सामना कर रहा था, जबकि देश भी ''समाज-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी तत्वों'' द्वारा अव्यवस्था और अराजकता फैलाने की कोशिशों को लेकर चिंतित था।
उन्होंने कहा, ''उन हालात से मोदी ने अपना सफर शुरू किया और गुजरात को देश और दुनिया के सामने एक मॉडल राज्य के तौर पर पेश किया।''
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान मोदी ने भारत को दुनिया के सामने एक ''सक्षम और शक्तिशाली'' देश के तौर पर पेश किया तथा नागरिकों में आत्मविश्वास जगाया।
उन्होंने भारत की आर्थिक वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि जो देश कभी ''फ्रैजाइल फाइव'' (कमजोर अर्थव्यवस्थाओं वाले पांच देशों) में गिना जाता था, वह अब दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।
मुख्यमंत्री ने देश के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के विकास का भी उल्लेख किया और कहा कि एक दशक पहले जहां कुछ हजार स्टार्टअप थे, वहीं अब देश में 2.5 लाख से अधिक स्टार्टअप हैं।
उन्होंने कहा, ''आज हमारे युवा आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। उनका हुनर हमारी ताकत है और उनका आत्मविश्वास देश की क्षमता है।''
आदित्यनाथ ने बुनियादी ढांचे और 'कनेक्टिविटी' को बढ़ाने का श्रेय भी मोदी सरकार को दिया, जिसमें राजमार्ग, एक्सप्रेसवे, रेलवे, हवाई अड्डा और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनें विश्व-स्तरीय सुविधाएं दे रही हैं।
खासकर उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य उस स्थिति से आगे बढ़ चुका है जब ''हर जिले में एक माफिया का राज चलता था'' और अब वह ''एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज'' और ''एक जिला, एक उत्पाद'' पर आधारित विकास मॉडल की ओर बढ़ गया है।
उन्होंने जन धन खाते, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और मुफ्त अनाज जैसी कल्याणकारी योजनाओं की भी तारीफ की और कहा कि सरकारी मदद अब बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है।
आदित्यनाथ ने कहा कि भारत ने सेमीकंडक्टर, रक्षा निर्माण और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी प्रगति की है और दूसरे देशों पर अपनी निर्भरता कम की है। उन्होंने कहा, "जो पहले असंभव लगता था, उसे संभव कर दिखाया गया है।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी की 25 साल की यात्रा ''लगातार और अथक सेवा'' के 25 साल को दर्शाती है और इसे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए गर्व की बात बताया कि प्रधानमंत्री संसद में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, तब लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने वाले अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे, जबकि अब मोदी प्रधानमंत्री हैं और उत्तर प्रदेश से सांसद हैं।
भाषा