बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री रहमान की भारत यात्रा की संभावना को कभी खारिज नहीं किया: मंत्री
अविनाश
- 05 Oct 2026, 09:44 PM
- Updated: 09:44 PM
ढाका, पांच अक्टूबर (भाषा) बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा की संभावना को कभी खारिज नहीं किया है और 'उचित द्विपक्षीय ढांचे' के तहत यात्रा को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत जारी है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने दोनों देशों के संबंधों में तनाव के बीच सोमवार को यह जानकारी दी।
कबीर ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ''किसी दूसरे देश के साथ संबंध बनाए रखने के लिए द्विपक्षीय संपर्क जरूरी है।'' उन्होंने कहा, ''यह यात्रा द्विपक्षीय होगी।''
द्विपक्षीय संबंधों में मौजूद 'चुनौतियों' को स्वीकार करते हुए कबीर ने कहा कि ढाका का मानना है कि इन चुनौतियों को ''बातचीत के जरिए दूर किया जा सकता है।''
उन्होंने जोर दिया कि बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री की भारत यात्रा की संभावना को कभी खारिज नहीं किया।
उन्होंने कहा, ''सिर्फ फोन पर बातचीत से कुछ हल नहीं होता। हम बातचीत कर रहे हैं और चीजें सकारात्मक हैं।''
यह पूछे जाने पर कि क्या रहमान इस साल भारत की यात्रा कर सकते हैं, कबीर ने कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई। उन्होंने कहा कि ढाका चाहता है कि यह यात्रा अनुकूल माहौल और उचित द्विपक्षीय ढांचे के तहत हो।
उन्होंने कहा, ''जब उच्चस्तरीय यात्रा होगी, तब उच्चस्तरीय बातचीत भी होगी।''
उन्होंने कहा कि पहले आधिकारिक स्तर की बातचीत के जरिए अनुकूल माहौल तैयार करना जरूरी है।
कबीर ने बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी की भी प्रशंसा की और कहा कि वह 'अच्छा काम कर रहे हैं'।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत बांग्लादेश की स्थिति के बारे में उनके आकलन के प्रति 'सकारात्मक रुख अपनाएगा' और उनकी बातों को गंभीरता से लेगा।
भारत ने पिछले महीने आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रहमान को आमंत्रित किया था, लेकिन उन्होंने यह आमंत्रण स्वीकार नहीं किया।
बांग्लादेश ने कहा था कि रहमान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था।
शेख हसीना की भारत में मौजूदगी दोनों देशों के बीच प्रमुख विवादास्पद मुद्दों में से एक है। ढाका उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि भारत का कहना है कि प्रत्यर्पण के अनुरोध की निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार जांच की जा रही है।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश
0510 2144 ढाका