ट्रंप का दावा: अमेरिका और कनाडा के बीच अंतिम समय में समझौता, कनाडाई आयात पर 50 प्रतिशत शुल्क टला
शोभना
- 19 Aug 2026, 11:49 AM
- Updated: 11:49 AM
वाशिंगटन, 19 अगस्त (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने कनाडा से आयात होने वाले 20 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के सामान पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाने के फैसले को फिलहाल टाल दिया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच प्रतिबंध लागू होने से कुछ घंटे पहले अंतिम क्षणों में हुए समझौते के बाद लिया गया।
ट्रंप की सोशल मीडिया मंच पर की गई इस घोषणा से आगे की बातचीत के लिए समय मिल गया है। इस कदम से फिलहाल दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्तों में और कड़वाहट आने से बच गई है।
ट्रंप ने शुल्क लगाने की समयसीमा से दो घंटे से भी कम समय पहले अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट किया, ''मैंने कनाडा पर लगने वाले 50 प्रतिशत शुल्क को रोक दिया है। ये कल सुबह से तीन दिनों की अवधि के लिए लागू होने वाले थे। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि कनाडा और अमेरिका के बीच समझौता हो गया है।''
ट्रंप द्वारा लगाए जाने वाले ये आयात शुल्क कनाडा से हर साल अमेरिका भेजे जाने वाले कुल सामान के करीब पांच प्रतिशत हिस्से पर लागू होते। इनमें हॉकी स्टिक से लेकर जीभ की जांच में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी की छोटी छड़ियों (टंग डिप्रेसर) तक कई तरह के उत्पाद शामिल हैं।
हालांकि, इसका राजनीतिक प्रभाव आर्थिक प्रभाव से कहीं अधिक होने की संभावना थी। कनाडा ने चेतावनी दी थी कि नए शुल्क लगाए जाने की स्थिति में वह भी अपने स्तर पर शुल्क लगाकर जवाब देगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक विवाद और बढ़ सकता था। पिछले साल दोनों देशों के बीच 880 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य की वस्तुओं और सेवाओं का व्यापार हुआ था।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक उद्घोषणा में कहा गया है कि कनाडा ने अमेरिकी शराब, डेयरी उत्पादों और मोटर वाहनों के निर्यात के खिलाफ ट्रंप प्रशासन द्वारा भेदभावपूर्ण माने जाने वाले उपायों को हटाने की प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि, कनाडा ने तत्काल इन प्रतिबद्धताओं की पुष्टि नहीं की।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक बयान में कहा कि बातचीत में ''महत्वपूर्ण प्रगति'' हुई है, लेकिन अभी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम बाकी है। उन्होंने पुष्टि की कि बातचीत जारी रहने के बीच कनाडा शुल्क तीन दिन तक टालने पर सहमत हो गया है।
कार्नी और ट्रंप ने पिछले दो दिनों में दो बार फोन पर बात की थी, जिसमें मंगलवार दोपहर हुई बातचीत भी शामिल है। कार्नी के कार्यालय ने यह जानकारी दी। इससे दोनों देशों के बीच समझौते तक पहुंचने के लिए अंतिम समय में किए जा रहे प्रयासों का पता चलता है।
एपी
गोला शोभना
शोभना
1908 1149 वाशिंगटन