बिहार: बकाया मजदूरी मांगने पर व्यक्ति की हत्या के मामले में तेजस्वी का भाजपा नीत सरकार पर निशाना
नेत्रपाल
- 08 Aug 2026, 08:31 PM
- Updated: 08:31 PM
सासाराम, आठ अगस्त (भाषा) बिहार के रोहतास में खेत मालिक से अपने खेत मजदूर बेटे की बकाया मजदूरी मांगने गए 60 वर्षीय व्यक्ति की कथित रूप से गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ दिन बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की और राज्य की भाजपा नीत सरकार पर ''अपराधियों को बचाने'' का आरोप लगाया।
जोगिया गांव में चार अगस्त को चंद्रेश्वर चौधरी की कथित रूप से अजीत तिवारी ने हत्या कर दी थी और शव पास की नहर में फेंक दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को नहर से शव बरामद किया गया।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि आरोपी और उसके बेटे ऋतिक तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष यादव ने कहा, "एक व्यक्ति अपने बेटे की बकाया मजदूरी मांगने के लिए जमीन मालिक के पास गया, लेकिन उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी आदतन अपराधी है। मैंने मृतक के परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया तथा आर्थिक मदद दी।"
यादव ने बताया कि उन्होंने रोहतास के पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा, "सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में चीजों को नियंत्रित नहीं कर पाए हैं। जब से उनकी सरकार ने राज्य की जिम्मेदारी संभाली है, तब से अपराध में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। दुर्भाग्य से, बिहार में अपराधियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।"
राजद नेता ने आरोप लगाते हुए कहा, "सरकार का खजाना खाली है, जबकि भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ रहे हैं।"
उन्होंने लोगों में बढ़ती नाराजगी को लेकर भी चेतावनी दी।
मृतक के परिवार के सदस्यों ने 'पीटीआई वीडियो' से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी के प्रति नरमी बरत रही है।
उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
मृतक के रिश्तेदार दीपक चौधरी ने कहा, "घटना के बाद से अजीत तिवारी के घर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है, जबकि हमें अकेला छोड़ दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरोपी से मिले हुए हैं। वे हम पर दबाव बना रहे हैं।"
हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
0808 2031 सासाराम