मप्र: वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटने से कारोबारियों को राहत मिलेगी: कैट
संतोष
- 01 Aug 2026, 10:07 PM
- Updated: 10:07 PM
भोपाल, एक अगस्त (भाषा) 'कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स' (कैट) ने शनिवार को 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कटौती का स्वागत करते हुए कहा कि इससे होटल, रेस्तरां और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी।
होटलों और रेस्तरां जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 192 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है। वहीं, विमान ईंधन (एटीएफ) के दाम में पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
कैट की मध्यप्रदेश शाखा के मीडिया प्रमुख धर्मेंद्र शर्मा ने एक बयान में कहा कि अधिकांश शहरों में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 209 रुपये की कमी एक अगस्त से प्रभावी हो गई है। यह लगातार दूसरे महीने की गई कटौती है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले एक जुलाई को भी वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 183.50 रुपये की कमी की गई थी। इस तरह पिछले दो महीनों में प्रति सिलेंडर कुल राहत 390 रुपये से अधिक हो गई है।
शर्मा ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में वाणिज्यिक एलपीजी के लगभग दो लाख से ढाई लाख उपभोक्ताओं को इस ताजा कटौती का सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कारणों से इस वर्ष की शुरुआत में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में तेज वृद्धि हुई थी, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबा, मिठाई की दुकान, बेकरी, कैटरिंग और अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत बढ़ गई थी।
शर्मा ने बताया कि यदि कोई मध्यम आकार का होटल या रेस्तरां हर महीने करीब 40 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करता है तो उसे लगभग 8,000 से 8,400 रुपये की बचत होगी।
वहीं, हर महीने करीब 100 सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले बड़े प्रतिष्ठानों को 20,000 से 21,000 रुपये तक की मासिक बचत हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि कीमतों में ताजा कटौती से विभिन्न कारोबार की कार्यशील पूंजी पर दबाव कम होगा, आतिथ्य क्षेत्र की परिचालन लागत घटेगी और छोटे व्यापारियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होगी।
शर्मा ने उम्मीद जताई कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में स्थिरता बनी रहने पर वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में आगे भी कमी आएगी, जिससे कारोबारियों और उपभोक्ताओं, दोनों को लाभ मिलेगा।
भाषा दिमो संतोष
संतोष
0108 2207 भोपाल