पंजाब के ड्रग माफिया डिजिटल दृष्टि से हैं अधिक सक्षम, सरकार की अवसंरचना पड़ी पुरानी : चुघ
माधव
- 01 Aug 2026, 08:58 PM
- Updated: 08:58 PM
चंडीगढ़, एक अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने शनिवार को आरोप लगाया कि पंजाब का ड्रग माफिया तेजी से एक 'डिजिटल रूप से सक्षम आपराधिक नेटवर्क' में बदल गया है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार अब भी 'पुराने तंत्र और अपर्याप्त तकनीकी तैयारी' के साथ काम कर रही है।
संसद में केंद्र द्वारा दी गयी जानकारी का उल्लेख करते हुए भाजपा महासचिव ने कहा कि केंद्र ने खुलासा किया है कि पंजाब में सक्रिय संगठित मादक पदार्थ तस्कर सिंडिकेट अपने कामकाज में उन्नत डिजिटल तकनीकों का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि जब तस्कर 'एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म', 'डार्कनेट नेटवर्क' और 'क्रिप्टोकरेंसी' का इस्तेमाल कर रहे हैं, तब पंजाब की डिजिटल निगरानी और प्रवर्तन अवसंरचना ऐसे जटिल खतरों से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से आधुनिक नहीं लगती हैं।
चुघ ने कहा कि केंद्र की ओर से दी गई जानकारी इस बात का सबूत है कि पंजाब में मादक पदार्थ तस्करी का स्वरूप तेज़ी से बदल रहा है।
उन्होंने कहा, ''ड्रग तस्कर अब बातचीत, लोगों को भर्ती करने, भुगतान करने, अवस्थिति साझा करने और मादक पदार्थ की खेपों के तालमेल के लिए डिजिटल मंचों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे अपनी पहचान और पैसों के लेन-देन को छिपाने के लिए क्रिप्टोकरेंसी, वर्चुअल डिजिटल एसेट, वीपीएन, वर्चुअल नंबर और नकली केवाईसी आधारित सिम कार्ड का भी सहारा ले रहे हैं।''
चुघ ने कहा, ''ड्रग माफिया ने खुद को आधुनिक बना लिया है, लेकिन पंजाब सरकार की डिजिटल अवसंरचना अब भी पुराना लगती है। जब अपराधी एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म, डार्कनेट नेटवर्क और क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सरकार का जवाब भी प्राद्योगिकी पर आधारित, आधुनिक और खुफिया सूचना पर आधारित होना चाहिए।''
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने 22 जुलाई को राज्यसभा को बताया था कि स्वपाक नियंत्रण ब्यूरो की जांच से पता चला है कि पंजाब में काम करने वाले संगठित ड्रग तस्करी गिरोह डिजिटल मंचों का इस्तेमाल ज़्यादा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें जेल में बंद तस्कर मोबाइल फ़ोन और जेल के बाहर काम करने वाले साथियों के ज़रिए ड्रग तस्करी की गतिविधियों का तालमेल बिठाते रहे हैं।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव
0108 2058 चंडीगढ़