हरियाणा के मुख्यमंत्री ने 150 सरकारी स्कूलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुनियादी ढांचे की घोषणा की
नेत्रपाल
- 01 Aug 2026, 06:34 PM
- Updated: 06:34 PM
चंडीगढ़, एक अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि सार्वजनिक शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार 150 नए सरकारी स्कूलों के भवन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करेगी।
चंडीगढ़ स्थित अपने आधिकारिक आवास पर स्कूल शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सैनी ने कहा कि नए स्कूलों के डिजाइन तैयार करने के लिए अग्रणी राज्यों और प्रतिष्ठित संस्थानों के श्रेष्ठ मॉडल का अध्ययन किया जाएगा तथा विशेषज्ञों की राय भी ली जाएगी।
बैठक में संस्कृत मॉडल स्कूल, मुख्यमंत्री अर्ली इंग्लिश एंड एक्सीलेंस स्कूल तथा पीएम-श्री स्कूल समेत 719 मॉडल स्कूलों के विकास और विभिन्न शिक्षा योजनाओं की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी 719 स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं, अलग शौचालय, चारदीवारी, खेल मैदान, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, डिजिटल लैब, स्मार्ट कक्षाएं, पुस्तकालय, फर्नीचर, टैबलेट और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने वित्त और शिक्षा विभाग को इन परियोजनाओं के लिए धन की कमी नहीं होने देने तथा निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
सैनी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित शिक्षण, व्यावसायिक शिक्षा, डिजिटल पुस्तकालय और आधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना और इन संस्थानों को उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित करना है।
सैनी ने कहा कि प्रस्तावित 150 नए स्कूल और 719 मॉडल स्कूल राज्य के अन्य स्कूलों के लिए मानक स्थापित करेंगे।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी सरकारी स्कूलों में स्वच्छता, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
0108 1834 चंडीगढ़