पीओके में प्रदर्शनकारियों की हत्या पर संज्ञान ले संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद : भाजपा
पवनेश
- 29 Jul 2026, 10:16 PM
- Updated: 10:16 PM
जम्मू, 29 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के कार्यालय (ओएचसीएचआर) से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में प्रदर्शनकारियों की कथित हत्या का संज्ञान लेने तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया।
कार्यकर्ता संगठनों के एक संयुक्त मंच 'ज्वाइंट आवामी एक्शन कमेटी' (जेएएसी) के अनुसार, पिछले दो दिनों में पीओके में पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने निहत्थे और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों तथा महिलाओं और बच्चों सहित ऐसे 37 लोगों की भी हत्या कर दी, जो प्रदर्शन में शामिल नहीं थे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जेएएसी ने कहा कि हिंसा सोमवार को उस समय भड़की, जब उसने पीओके की तथाकथित विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के साथ अपने लंबे मार्च की शुरुआत की।
भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के मानवाधिकार प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सरफराज हमीद राथर ने नागरिकों की कथित मौत और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग की खबरों पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय समुदाय के तत्काल ध्यान की मांग करती है।
राथर ने यहां जारी एक बयान में कहा, ''यह अत्यंत चिंताजनक है कि (पाकिस्तानी बलों द्वारा) मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के बावजूद वैश्विक मानवाधिकार संस्थाओं की प्रतिक्रिया बेहद सीमित दिखाई दे रही है।''
उन्होंने कहा कि मानवाधिकार सार्वभौमिक, अविभाज्य और अविच्छेद्य हैं तथा उनकी रक्षा भौगोलिक स्थिति, राजनीतिक विचारों या रणनीतिक हितों के आधार पर चयनात्मक तरीके से नहीं की जा सकती।
भाजपा नेता ने यूएनएचआरसी, ओएचसीएचआर और अन्य विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से कथित घटनाओं का तत्काल संज्ञान लेने, स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से तथ्यों का पता लगाने तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश
2907 2216 जम्मू