बघेल बृहस्पतिवार को फिर पंजाब जाएंगे; कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और अन्य कार्यकर्ताओं से मिलेंगे
सुरेश
- 29 Jul 2026, 09:28 PM
- Updated: 09:28 PM
चंडीगढ़, 29 जुलाई (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल बृहस्पतिवार से राज्य का 10-दिवसीय दौरा शुरू करेंगे। पंजाब में 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच यह बघेल का इस महीने राज्य का दूसरा दौरा होगा।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, बघेल कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और वह मुख्यत: मालवा क्षेत्र में जाएंगे, जहां राज्य की कुल 117 विधानसभा सीट में से 69 आती हैं।
सूत्रों के अनुसार, बघेल का फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मनसा, बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, लुधियाना, मालेरकोटला, खन्ना, एसबीएस नगर और रूपनगर का दौरा करने का कार्यक्रम है।
सूत्रों ने बताया कि यात्रा के दौरान बघेल कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के साथ बैठकें करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।
उन्होंने बताया कि संगठन के विस्तार और चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ बूथ से लेकर जिला स्तर तक पार्टी को और मजबूत करने के लिए एक रोडमैप तैयार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
बघेल का यह दौरा कांग्रेस की पंजाब इकाई में आंतरिक कलह की खबरों के बीच होगा।
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए रखने और चरणजीत सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्ति करने के पार्टी आलाकमान के एक जुलाई के फैसले के बाद प्रदेश इकाई में आंतरिक कलह शुरू हो गई थी।
चन्नी और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के नेतृत्व में कुछ नेताओं ने इस फैसले का विरोध किया और वंडिग को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की।
बढ़ते विरोध के बीच बघेल छह जुलाई को पंजाब पहुंचे थे और छह दिन की यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया।
चन्नी ने 16 जुलाई को दिल्ली में एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद कहा कि पंजाब कांग्रेस में "सब कुछ ठीक है" और वह पार्टी आलाकमान के फैसले का सम्मान करेंगे।
हालांकि, बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ हाल में हुए प्रदर्शन के दौरान भी पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी मतभेद के संकेत दिखे।
विरोध-प्रदर्शन में जहां चन्नी, रंधावा और विधायक राणा गुरजीत सिंह जैसे वरिष्ठ नेता सफाई कर्मचारियों से मिलने एक साथ पहुंचे, वहीं वडिंग अलग से वहां आए।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश
2907 2128 चंडीगढ़