भाजपा ने आरबीआई के रोजगार आंकड़ों का हवाला दे केंद्र की आर्थिक नीतियों को सराहा
ब्रजेन्द्र माधव अजय
- 09 Jul 2024, 08:20 PM
- Updated: 08:20 PM
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रोजगार दर में वृद्धि का दावा करने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए सुधारों से अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने बयान में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को 2014 में कमजोर माना गया था लेकिन 'मोदीनॉमिक्स' बदलाव लेकर आया और इसकी ताकत को अब वैश्विक स्तर पर पहचाना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 2023-2024 के दौरान नौकरियों में ढाई गुना वृद्धि देखी गई।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में 4.67 करोड़ नौकरियां पैदा हुईं और 64.3 करोड़ लोगों को सक्रिय रूप से रोजगार मिला।
उन्होंने कहा कि यह पिछले वित्त वर्ष के 59.7 करोड़ के आंकड़े से अधिक है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा दर्शाता है कि 1981-82 के बाद से नौकरियों में सबसे अधिक वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि आरबीआई का केएलईएमएस डेटाबेस रोजगार के आंकड़ों की गणना के लिए सरकार के आवधिक श्रमबल सर्वेक्षण पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा कि 2023-24 में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 8.2 प्रतिशत थी, जो इससे पिछले वित्त वर्ष के आंकड़े सात प्रतिशत से अधिक है।
उन्होंने कहा कि यह एक मजबूत आर्थिक वातावरण को दर्शाता है।
कांग्रेस पर अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और 2004 से 2014 तक जब वह सत्ता में थी, रोजगार पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि विपक्षी पार्टी ने राष्ट्रीय कल्याण से ज्यादा एक परिवार के हित को प्राथमिकता दी।
उन्होंने इसे मोदी की गारंटी करार देते हुए कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पित है और उनके हित में फैसले करती रहेगी।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आरबीआई के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं और गैर-सरकारी आर्थिक शोध संस्थान सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) के निष्कर्षों का हवाला दिया है, जिसमें जून, 2024 में बेरोजगारी दर 9.2 प्रतिशत थी।
भाषा ब्रजेन्द्र माधव