पार्टी कार्यकर्ता पार्थ को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में देखना चाहते हैं : राकांपा
माधव
- 17 Jul 2026, 08:24 PM
- Updated: 08:24 PM
मुंबई, 17 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शुक्रवार को कहा कि अगर अगले मंत्रिमंडल विस्तार में पार्टी को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में प्रतिनिधित्व मिलता है तो उसके कार्यकर्ता सांसद पार्थ पवार को मंत्री बनाए जाने के पक्ष में हैं लेकिन इस बारे में अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को करना है।
पार्टी ने यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में दिया है जब हाल में राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के पदाधिकारी उदय अहिरे द्वारा उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को पत्र लिखकर पार्थ पवार को मंत्री पद दिए जाने पर विचार करने का आग्रह किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें लगने लगी हैं।
राकांपा के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ''पार्टी कार्यकर्ताओं की यह इच्छा होना स्वाभाविक है कि पार्थ पवार केंद्रीय मंत्री बनें। उदय अहिरे ने केवल कार्यकर्ताओं की भावनाएं व्यक्त की हैं।''
पाटिल ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल के रूप में राकांपा को उम्मीद है कि जब भी केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, उसे उसमें प्रतिनिधित्व मिलेगा।
उन्होंने कहा, ''हालांकि, मंत्रिमंडल में किसे शामिल किया जाए, यह पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेषाधिकार है। इस बारे में पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार को भी निर्णय लेना होगा।''
प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्थ पवार को यदि केंद्रीय मंत्रिमंडल में अवसर मिलता है तो वह युवा नेता होने के नाते संगठन को मजबूत कर सकते हैं और पार्टी का जनाधार बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।
पाटिल ने कहा, ''पार्टी कार्यकर्ताओं के ऐसी भावना व्यक्त करने में कुछ भी गलत नहीं है।''
पार्थ पवार ने इस वर्ष अप्रैल में महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।
महाराष्ट्र में राकांपा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना सत्ता में साझेदार हैं।
पिछले कुछ दिनों से सत्तारूढ़ राकांपा में मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे ने इन खबरों से इनकार किया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास पर राज्य में सत्तारूढ़ राकांपा और विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेताओं की देर रात हुई बैठक से भी राज्य में राजनीतिक समीकरण बदलने की अटकलों को बल मिला है।
भाषा
सिम्मी माधव
माधव
1707 2024 मुंबई