भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता लागू
खारी
- 15 Jul 2026, 11:44 PM
- Updated: 11:44 PM
नयी दिल्ली/लखनऊ, 15 जुलाई (भाषा) भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता बुधवार से लागू हो गया। इसके तहत कई भारतीय उत्पाद ब्रिटेन के बाजार में शून्य आयात शुल्क पर प्रवेश कर सकेंगे।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा समझौता भी 15 जुलाई से लागू हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, '' व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) तथा सामाजिक सुरक्षा समझौते के लागू होने से हमारे आर्थिक संबंध और अधिक गहरे होंगे।''
उन्होंने कहा कि सीईटीए से भारतीय किसानों, उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही कई प्रमुख क्षेत्रों को ब्रिटेन के बाजार तक अधिक मजबूत पहुंच मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह समझौता प्रौद्योगिकी, पेशेवर सेवाओं और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को भी गहरा करेगा तथा कुशल भारतीय प्रतिभाओं की अधिक आवाजाही को बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा समझौते से ब्रिटेन में अस्थायी रूप से काम कर रहे भारतीय पेशेवरों को अमूल्य सहयोग मिलेगा और भारतीय उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा, '' यह समझौता व्यापार, निवेश और नवाचार के लिए नए रास्ते खोलेगा। इससे हमारे उद्यमों के लिए अनूठे अवसर पैदा होंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में और गति मिलेगी।''
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता लागू होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि भारत और उसके उद्योगों के लिए वैश्विक बाजार के दरवाजे तेजी से खुल रहे हैं।
पासवान ने बुधवार को लखनऊ में संवाददाताओं से कहा, ''इस समझौते पर लंबे समय से बातचीत चल रही थी। आज जिन व्यापार समझौतों पर दस्तखत किये जा रहे हैं, उनसे पता चलता है कि भारत और भारतीयों के लिए वैश्विक बाजार के दरवाजे किस तरह खुल रहे हैं। यह हमारे लिए वैश्विक मंच पर अपने देश को और मजबूती से आगे ले जाने का एक मौका है।''
भाषा निहारिका सलीम खारी
खारी
1507 2344 नयी दिल्ली