जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन की अनुमति मिलने का इंतजार है: अब्दुल्ला
देवेंद्र
- 10 Jul 2026, 07:32 PM
- Updated: 07:32 PM
श्रीनगर, 10 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल किये जाने की मांग को लेकर 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) अनुमति मिलने का इंतजार कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी इस योजना को 'नाकाम' करने की कोशिश कर रहे हैं।
नेकां ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी में धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
इस प्रदर्शन का उद्देश्य केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा देने का दबाव बनाना है।
पार्टी ने देशभर के राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के 52 नेताओं को भी इस प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी को अब तक इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है।
अब्दुल्ला ने प्रदर्शन की अनुमति मिलने के मुद्दे पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) का जिक्र करते हुए कहा कि उस संगठन को 24 घंटे के भीतर अनुमति मिल गई जबकि नेकां पिछले चार-पांच दिनों से इंतजार कर रही है।
अब्दुल्ला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग नेकां की योजना को 'नाकाम' करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "हम पिछले चार-पांच दिनों से कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग हमारे कार्यक्रम को विफल करने में लगे हुए हैं।''
जिन 52 नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है, उनमें कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के प्रमुख एम. के. स्टालिन, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी की मायावती, राष्ट्रीय जनता दल के लालू प्रसाद यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के शरद पवार, शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, वाईएसआर कांग्रेस के वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी, बीआरएस के के. चंद्रशेखर राव, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल शामिल हैं।
इसके अलावा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं तमिलगा वेत्री कषगम के प्रमुख सी. जोसेफ विजय, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी. राजा और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल को भी निमंत्रण दिया गया है।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
1007 1932 श्रीनगर