भाजपा ने मप्र में दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया
दिमो रवि कांत
- 10 Jul 2026, 08:19 PM
- Updated: 08:19 PM
भोपाल, 10 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए शुक्रवार को आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
पार्टी के इस फैसले को वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के लिए झटका माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मिश्रा टिकट मिलने की उम्मीद लगाए हुए थे और उन्होंने चुनावी तैयारियां करते हुए नामांकन पत्र भी खरीद लिया था।
सूत्रों ने बताया कि दतिया जिले के सेवढ़ा कस्बे के निवासी तिवारी राज्य भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं।
दतिया विधानसभा सीट पर 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।
हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने इस वर्ष अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया। भारती को इस मामले में जमानत मिल चुकी है।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को धोखाधड़ी के उस मामले में भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसमें 1998 और 2011 के बीच गैर-कानूनी तरीके से ब्याज का भुगतान प्राप्त करने के लिए बैंक रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया था।
भारती की सजा पर रोक लगाने की याचिका पर फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति मनोज जैन ने कहा, ''हम इसे खारिज कर रहे हैं।''
निचली अदालत ने दो अप्रैल को, जिला सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष भारती को इस मामले में तीन साल कैद की सजा सुनाई थी।
यह मामला मध्यप्रदेश के दतिया से संबंधित है। मामले को पिछले साल अक्टूबर में उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली स्थानांतरित कर दिया था, क्योंकि बचाव पक्ष के गवाहों को डराने-धमकाने के प्रयास किये जाने का दावा किया गया था।
निर्वाचन आयोग ने हाल ही में देश की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी, जिनमें मध्यप्रदेश की दतिया सीट भी शामिल है। अन्य दो सीटें बिहार और गुजरात में हैं। कार्यक्रम के अनुसार, 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
भाषा
दिमो रवि कांत
1007 2019 भोपाल