दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सरकारी विद्यालय में एसटीईएम लैब, स्मार्ट शौचालय का उद्घाटन किया
नेत्रपाल
- 09 Jul 2026, 09:55 PM
- Updated: 09:55 PM
नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को शालामार गांव के राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 'सक्षम' कार्यक्रम के तहत कई पहल की शुरुआत की, जिनमें एआई एकीकृत स्मार्ट स्कूल शौचालय, 'स्टेम इनोवेशन लैब', आधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट डिजिटल कक्षाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 'स्टेम इनोवेशन लैब' में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अमेरिका के अलबामा राज्य स्थित 'यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस एंड रॉकेट सेंटर' (यूएसएआरसी) में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरिक्ष विज्ञान कार्यक्रम के लिए चयनित होने पर बधाई दी।
उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को अमेरिका की हवाई यात्रा का टिकट प्रदान करते हुए कहा, "दिल्ली की बेटियां अब वैश्विक मंच पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।"
गुप्ता ने कहा कि उन्होंने लगभग एक साल पहले इस राजकीय बालिका विद्यालय का दौरा किया था और वह शौचालय तथा अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति से असंतुष्ट थीं।
उन्होंने कहा, ''जब मैं पहली बार यहां आई थी तो शौचालयों और अन्य सुविधाओं की हालत देखकर बहुत नाराज होकर चली गई थी। आज, एक साल बाद, मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि यह स्कूल दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में शुमार हो गया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल में अब कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड, एक 'कंप्यूटर लाइब्रेरी', एक एसटीईएम लैब और एआई-आधारित सेंसर युक्त आधुनिक शौचालय ब्लॉक है जो स्वच्छता बनाए रखने में मदद करता है।
गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक 'स्टेम इनोवेशन' लैब में छात्राओं को रोबोटिक्स, एआई, कोडिंग, आईओटी, अंतरिक्ष विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजाइन थिंकिंग और नवाचार आधारित व्यावहारिक शिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बयान के मुताबिक, लगभग 3,000 छात्राओं के लिए व्यापक स्वास्थ्य कार्यक्रम भी शुरू किया गया। इस पहल के तहत छात्राओं की चिकित्सा जांच, आंखों की जांच, आवश्यकता अनुसार निःशुल्क चश्मों का वितरण, पेट के कीड़ों से बचाव के लिए कृमिनाशक अभियान और मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता सत्र आयोजित कि किए जा रहे हैं, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं आत्मविश्वास को मजबूत किया जा सके।
लाडली फाउंडेशन द्वारा हनीवेल टेक्नोलॉजी के सीएसआर सहयोग से चलाए जा रहे 'सक्षम' कार्यक्रम के तहत ये आधुनिक सुविधाएं शुरू की गई हैं जिनका मकसद शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार लाना और छात्राओं को तकनीक आधारित सुविधाएं प्रदान करना हैं।
गुप्ता ने कहा कि यह सहयोग सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाने में सरकार और समाज के बीच साझेदारी के महत्व को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ''कोई राज्य केवल सरकार के प्रयासों से प्रगति नहीं कर सकता। समाज और लोगों को भी आगे आकर पहल करने की जरूरत है। जब सरकार और समाज मिलकर काम करेंगे तभी देश और राज्य प्रगति कर सकते हैं।''
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
0907 2155 दिल्ली