जयशंकर ने कुवैत के युवराज से मुलाकात की, द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की
माधव
- 08 Jul 2026, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
(फोटो के साथ)
कुवैत सिटी, आठ जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कुवैत के युवराज शेख सबाह अल-खालिद अल-सबाह से बुधवार को मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों तथा पश्चिम एशिया के हाल के घटनाक्रम पर चर्चा की।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से युवराज को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने कहा, ''हमारे द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की मैं सराहना करता हूं। खाड़ी क्षेत्र के घटनाक्रम पर अपने विचार साझा करने के लिए मैंने उनका धन्यवाद किया।''
कुवैत के विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों नेताओं ने भारत और कुवैत के बीच ऐतिहासिक संबंधों तथा विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
इसमें कहा गया है कि विदेश मंत्री जयशंकर ने कुवैत के अपने समकक्ष शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबाह से भी मुलाकात की और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत और विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की।
पोस्ट में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर भी चर्चा की।
कुवैत के विदेश मंत्री ने जयशंकर और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोजन का भी आयोजन किया।
जयशंकर ने कुवैत के प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह से भी मुलाकात की और भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए उनके समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
विदेश मंत्री ने कहा, ''उन्होंने मजबूत और पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-कुवैत सहयोग के लिए उनके दृष्टिकोण का स्वागत किया।''
जयशंकर ने कुवैत के रक्षा मंत्री अब्दुल्ला अली अब्दुल्ला अल-सलेम अल-सबाह से भी मुलाकात की और दोनों नेताओं ने रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की।
विदेश मंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''कुवैत के रक्षा मंत्री अब्दुल्ला अली अब्दुल्ला अल-सलेम अल-सबाह से मिलकर खुशी हुई। रक्षा उद्योग में सहयोग और समुद्री सुरक्षा के बारे में चर्चा की।''
जयशंकर ने कुवैत में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच मित्रता को मजबूत करने में उनकी भूमिका की सराहना की।
जयशंकर मंगलवार को कुवैत पहुंचे थे और हवाई अड्डे पर उनका स्वागत उप विदेश मंत्री हमद सुलेमान मशान अल-मशान ने किया।
जयशंकर पांच से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की यात्रा पर हैं।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
0807 2231 कुवैत सिटी