प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे
देवेंद्र
- 08 Jul 2026, 10:52 PM
- Updated: 10:52 PM
(तस्वीरों सहित)
मेलबर्न, आठ जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे जहां वह ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे साथ ही भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के तुरंत बाद 'एक्स' पर लिखा, ''ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गया हूं। यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊर्जा प्रदान करेगी।''
ऑस्ट्रेलियाई सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें औपचारिक 'गार्ड ऑफ़ ऑनर' दिया गया। मोदी ने कहा कि वह अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ बातचीत के लिए उत्सुक हैं।
मोदी ने कहा, ''मुझे भारतीय प्रवासी समुदाय से मिलने का भी अवसर मिलेगा, जो हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।''
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मेलबर्न में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठकें कर आपसी हित के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे।''
मेलबर्न के होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने "मोदी-मोदी" और "वंदे मातरम्" के नारे लगाए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ''मेलबर्न का मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय की ओर से मिला गर्मजोशी भरा स्वागत वास्तव में अविस्मरणीय है। भारत के प्रति उनका स्नेह और अटूट जुड़ाव लगातार अपार खुशी और गर्व का स्रोत बना हुआ है।''
स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखीं। इनमें ऑस्ट्रेलिया का प्राचीन वाद्य यंत्र डिजरीडू और भारत के पारंपरिक वाद्य यंत्र तबला का विशेष फ्यूजन, 'मां तुझे सलाम' की 10-सदस्यीय सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति और कथक नृत्य शामिल थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''ऑस्ट्रेलिया के प्राचीन डिजरीडू और भारत के तबले पर आधारित एक अद्भुत संगीत प्रस्तुति देखने का अवसर मिला। इन दोनों कालजयी वाद्य यंत्रों के बीच सामंजस्य ने दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को खूबसूरती से दर्शाया।"
उन्होंने संगीत परंपराओं के संरक्षण और प्रचार के लिए रॉन मरे और सैम इवांस के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुत 'मां तुझे सलाम' की भावपूर्ण प्रस्तुति शानदार थी।
उन्होंने कहा, '' इसने खूबसूरती से दिखाया कि संगीत किस तरह हमारे लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करता है। इस यादगार प्रस्तुति के लिए ऑर्केस्ट्रा के प्रत्येक सदस्य को मेरी शुभकामनाएं। यह वंदे मातरम् की वैश्विक लोकप्रियता को भी दर्शाता है, खासकर ऐसे समय में जब हम इसकी 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के स्वागत कार्यक्रम में शानदार कथक प्रस्तुति देखने पर भी खुशी जताई।
उन्होंने कहा, '' यह देखकर प्रसन्नता हुई कि भारतीय नृत्य ऑस्ट्रेलिया में लोकप्रिय हो रहे हैं।''
नयी दिल्ली से रवाना होने से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उनकी यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाएगी।
उन्होंने कहा था, ''प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ अपनी बातचीत में मैं रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा और आवागमन तथा लोगों के बीच संबंधों वाले क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाऊंगा।''
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं।
उन्होंने इंडोनेशिया में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ वार्ता की, जिसके बाद दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
विशेष मित्रता के संकेत के रूप में राष्ट्रपति सुबियांतो स्वयं प्रधानमंत्री मोदी को हवाई अड्डे तक विदा करने पहुंचे।
भाषा शोभना देवेंद्र
देवेंद्र
0807 2252 मेलबर्न