यह 'गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं', पंजाब कांग्रेस नेतृत्व पर आलाकमान का फैसला अंतिम : बघेल
प्रशांत
- 08 Jul 2026, 03:50 PM
- Updated: 03:50 PM
चंडीगढ़, आठ जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बुधवार को प्रदेश में पार्टी के नेतृत्व में किसी भी बदलाव की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे फैसले 'गुड्डे-गुड़ियों का खेल' नहीं हैं, जिन्हें बार-बार बदला जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नेतृत्व पर आलाकमान का फैसला अंतिम है।
यहां पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस ने एक जुलाई को घोषणा की थी कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
बताया जा रहा है कि शीर्ष पद नहीं मिलने से चन्नी 'नाराज' हैं और प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाये जाने के कारण उन्होंने बघेल के साथ मुलाकात नहीं की है।
सोमवार को मोहाली में चन्नी की मौजूदगी में कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। यह बैठक उन घटनाक्रमों के कुछ दिन बाद हुई, जब कई मौजूदा एवं पूर्व विधायकों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम पर दोबारा विचार किए जाने का समर्थन किया था।
वडिंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए रखने के फैसले पर पुनर्विचार की अटकलों को खारिज करते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, "जब आलाकमान ने फैसला कर लिया है तो उसे बदला नहीं जाता। कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल है क्या कि बार-बार निर्णय बदला जाएगा?''
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह स्पष्ट है कि पार्टी नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा, तो वडिंग की मौजूदगी में बघेल ने कहा, "ऐसा सवाल ही नहीं उठता"।
चन्नी और एक अन्य वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा के अभी तक उनसे मुलाकात नहीं करने के बारे में पूछे जाने पर बघेल ने कहा, ''मेरी उनसे (चन्नी) बात हुई है। मुलाकात होगी। रंधावा भी आकर मुझसे मिलेंगे।''
बघेल सोमवार को पांच दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचे, राज्य में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कांग्रेस महासचिव ने मंगलवार को कहा कि यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गईं। दोनों बैठकों में उपस्थित सभी नेताओं ने लिए गए फैसलों का समर्थन किया ।
उन्होंने बताया कि राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को बरकरार रखे जाने पर सभी ने उन्हें बधाई दी और पार्टी आलाकमान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि राज कुमार वेरका, सुखविंदर सिंह डैनी और संगत सिंह गिलजियां को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भी सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बघेल ने कहा कि वह कांग्रेस नेताओं से उनके घर जाकर मुलाकात कर रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव ने मंगलवार को वेरका के साथ नाश्ते पर बैठक की और वरिष्ठ नेता राणा के पी सिंह के घर जाकर रात्रिभोज किया, इस रात्रिभोज में वडिंग एवं कुछ अन्य नेता भी शामिल हुए।
इससे पहले, बघेल ने विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की थी।
भाषा रंजन प्रशांत
प्रशांत
0807 1550 चंडीगढ़