सोना 1,400 रुपये टूटकर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर, चांदी भी कमजोर
प्रेम
- 07 Jul 2026, 07:32 PM
- Updated: 07:32 PM
नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) देश की राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का दाम 1,400 रुपये टूटकर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया जबकि चांदी 200 रुपये फिसल गई। रुपये में मजबूती और कमजोर वैश्विक रुख के चलते कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,400 रुपये गिरकर 1,49,250 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर समेत) रह गई। सोमवार को इसका भाव 1,50,650 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
चांदी का दाम भी 200 रुपये टूटकर 2,39,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर समेत) रह गया, जो पिछले सत्र में 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''मंगलवार को सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही क्योंकि फेडरल रिजर्व की जून बैठक के ब्यौरे और अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के दूसरे दौर के जारी होने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। इन दोनों से सोने की कीमतों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।''
विश्लेषकों ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये में तेज सुधार होने से घरेलू सर्राफा कीमतों पर भी दबाव पड़ा।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ''डॉलर के मुकाबले रुपये में 48 पैसे की तेजी आने के बाद सोने की कीमतों में कमजोरी और बढ़ गई, जिससे घरेलू सर्राफा कीमतों पर दबाव पड़ा।''
उन्होंने कहा कि सऊदी अरब द्वारा एशियाई खरीदारों के लिए कच्चे तेल की कीमतें कम करने, भारत के आयात खर्च को लेकर चिंता कम होने और सर्राफा पर दबाव बढ़ने के बाद रुपया मजबूत हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 24.54 डॉलर यानी 0.59 प्रतिशत टूटकर 4,140.59 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी भी लगभग दो प्रतिशत टूटकर 60.89 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ''विदेशी कारोबार में हाजिर सोना कम कारोबार कर रहा है क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास जहाजों पर हमलों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में मामूली उछाल आया है।''
उन्होंने परिदृश्य के बारे में कहा कि कीमती धातुओं के अल्पावधि में सीमित दायरे में रहने की संभावना है। हालांकि अगर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव नियंत्रण में रहता है तो सकारात्मक माहौल वापस आ सकता है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम
0707 1932 दिल्ली