प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया
नरेश
- 07 Jul 2026, 01:20 PM
- Updated: 01:20 PM
(तस्वीरों सहित)
जकार्ता, सात जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत और इंडोनेशिया के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका के लिए मंगलवार को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान 'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' प्रदान किया गया।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने मोदी को यह पदक प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान भी प्रदान किया गया है। यह सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है... इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है।''
मोदी ने कहा, ''मैं राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।''
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह पुरस्कार ''भारत-इंडोनेशिया के मेत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक'' है।
जायसवाल ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा 'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। यह इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान है।''
उन्होंने कहा, ''यह सम्मान प्रधानमंत्री के उस नेतृत्व के सम्मान में प्रदान किया गया है, जिसके माध्यम से भारत और इंडोनेशिया के बीच मित्रता को मजबूत करने तथा इंडोनेशिया की एकता, निरंतरता और समृद्धि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।''
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत की जनता और भारत-इंडोनेशिया के बीच घनिष्ठ मित्रता को समर्पित किया है।''
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी कहा कि यह सम्मान ''हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के साथ-साथ भारत-आसियान संबंधों को मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी के निरंतर प्रयासों का एक प्रमाण है।''
जयशंकर ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया जाना सभी भारतीयों के लिए अत्यधिक गर्व की बात है।''
'बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने इंडोनेशिया की एकता, निरंतरता और समृद्धि के लिए असाधारण सेवा की है।
भाषा
खारी नरेश
नरेश
0707 1320 जकार्ता