मिनौर को हरा कोबोली ने विम्बलडन क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
पंत
- 07 Jul 2026, 11:31 AM
- Updated: 11:31 AM
लंदन, सात जुलाई (एपी) इटली के युवा टेनिस खिलाड़ी फ्लावियो कोबोली ने विंबलडन में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवीं वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनौर को सीधे सेटों में 7-5, 7-6 (7/4), 6-3 से हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
जीत के बाद कोबोली ने फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के मशहूर 'सिउ' जश्न की नकल कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
मैच प्वाइंट पर कोबोली ने 135 मील प्रति घंटे (करीब 217 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से दमदार सर्विस लगाई। डी मिनौर इस सर्विस का ठीक से जवाब भी नहीं दे सके। जीत पक्की होते ही कोबोली ने पहले हवा में छलांग लगाई, फिर रैकेट नीचे रखकर कोर्ट के बीच पहुंचे और रोनाल्डो के अंदाज में हवा में घूमते हुए 'सिउ' सेलिब्रेशन किया। कोर्ट पर मौजूद दर्शकों ने भी उनके साथ जोरदार अंदाज में "सिउ..." का नारा लगाया।
कोबोली ने कहा, "मुझे रोनाल्डो का सेलिब्रेशन बहुत पसंद है और मैं उन्हें बेहद पसंद करता हूं।''
इटली लगातार तीसरे विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका, लेकिन देश के अन्य खेल सितारे लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। कोबोली की इस जीत ने फ्रेंच ओपन में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी बढ़ती लोकप्रियता को और मजबूती दी।
उधर सेंटर कोर्ट पर इटली की जैस्मीन पाओलिनी ने फिलीपींस की उभरती खिलाड़ी अलेक्जेंड्रा ईला को 6-4, 4-6, 6-3 से हराकर ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में वापसी की। वह दो वर्ष पहले लगातार फ्रेंच ओपन और विम्बलडन के फाइनल में पहुंची थीं।
ब्रिटेन के आर्थर फेरी ने विश्व रैंकिंग में शीर्ष पांच में शामिल रहे ग्रिगोर दिमित्रोव को पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में 7-5, 3-6, 4-6, 6-4, 7-6 (9-7) से हराकर पेशेवर दौर (1968 के बाद) में ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पहले ब्रिटिश वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
बचपन में ऑल इंग्लैंड क्लब से केवल पांच मिनट की दूरी पर रहने वाले फेरी कभी सेंटर कोर्ट पर रोजर फेडरर को देखने आते थे। इस बार फेडरर खुद रॉयल बॉक्स में बैठकर उनका मैच देख रहे थे।
फेरी ने कहा, "सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक फेडरर सामने बैठकर मेरा मैच देख रहे थे। ऐसे माहौल में जीत हासिल करना मेरे लिए अविश्वसनीय अनुभव है।"
अब क्वार्टर फाइनल में फेरी का मुकाबला कोबोली से होगा। इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में फेरी ने कोबोली को सीधे सेटों में हराया था।
एपी
आनन्द आनन्द पंत
पंत
0707 1131 लंदन