दिल्ली पुलिस ने हत्या के मामले में 29 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया
अविनाश
- 06 Jul 2026, 10:24 PM
- Updated: 10:24 PM
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में 1997 में अपने एक साथी कर्मचारी की हत्या कर लगभग 29 साल से फरार आरोपी को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान मोहम्मद फहीम उर्फ अली भाई के रूप में हुई है, जो 58 वर्षीय शरीफ हसन खान की हत्या के मामले में वांछित था और 1997 में एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "मामले की फिर से महीनों तक चली जांच, खुफिया जानकारी जुटाने और तकनीकी निगरानी के बाद तीन जुलाई को फहीम को लखनऊ के ठाकुरगंज से गिरफ्तार किया गया, जिससे दिल्ली पुलिस के सबसे पुराने लंबित मामलों में से एक को सुलझाने में मदद मिली।"
यह मामला 14 मार्च 1997 का है, जब रघुबीर नगर के टीसी कैंप के एक कमरे से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। जांच के दौरान, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले (अब अयोध्या) के निवासी शरीफ हसन खान के रूप में हुई, जो राजौरी गार्डन में कपड़े की एक दुकान पर काम करता था।
अधिकारी ने कहा, "फहीम काम की तलाश में दिल्ली आया था और खान से परिचित हो गया था। 13 मार्च 1997 को, फहीम द्वारा पीड़ित के पैसे चुराने के बाद दोनों के बीच कथित तौर पर विवाद हो गया। झगड़े के दौरान, उसने खान पर लोहे की छड़ से बार-बार हमला किया और बाद में रस्सी से उसका गला घोंट दिया और भाग गया।"
अपराध शाखा ने कहा कि मामला हाल में दोबारा जांच के लिए मध्य रेंज को सौंपा गया था। अधिकारियों ने हालिया तस्वीरों, विश्वसनीय पहचान रिकॉर्ड और आधुनिक डिजिटल सबूतों की अनुपस्थिति के बावजूद लगभग तीन दशक पुराने मामले की फिर से जांच की।
पुलिस ने कहा कि टीम ने आरोपी के पैतृक गांव से जानकारी जुटाई जिससे संकेत मिला कि वह जीवित है और कभी-कभी इलाके में आता है। लगातार निगरानी के बाद उसकी गतिविधियों का पता लखनऊ में चला, जहां से उसे पकड़ लिया गया।
उसने टीम को बताया कि हत्या के बाद वह नागपुर भाग गया और अगले 29 साल तक मुंबई, लखनऊ और नागपुर के बीच घूमता रहा, और इस दौरान 'अली भाई' के नकली नाम से अपनी पहचान बताई।
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने इन वर्षों के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) कारीगर के रूप में काम किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अक्सर स्थान बदलता रहा।
भाषा नोमान
नोमान अविनाश
अविनाश
0607 2224 दिल्ली