मोरक्को ने कनाडा के शानदार सफर पर रोक लगाकर अंतिम आठ में जगह बनाई
पंत
- 05 Jul 2026, 08:06 AM
- Updated: 08:06 AM
ह्यूस्टन, पांच जुलाई (एपी) अज़ेदीन ओउनाही के दो गोल की मदद से मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराया और इस तरह से वह विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में एक से अधिक बार पहुंचने वाला पहला अफ्रीकी देश बन गया।
पहला हाफ गोलरहित छूटने के बाद मोरक्को ने अपना असली रंग दिखाया और दनादन तीन गोल करके सह मेजबान कनाडा का जादुई अभियान आगे नहीं बढ़ने दिया। ओउनाही ने 50वें और 82वें मिनट में गोल किए। उसकी तरफ से तीसरा गोल सोफियान रहीमी ने इंजरी टाइम के आठवें मिनट में किया।
कनाडा ने भी अच्छा खेल दिखाया लेकिन वह अवसरों का फायदा नहीं उठा पाया। इसके बावजूद कनाडा के लिए यह विश्व कप यादगार बन गया, क्योंकि वहां फुटबॉल लोकप्रिय नहीं है और वहां के लोगों पर आइस हॉकी का जादू सर चढ़कर बोलता है। यही कारण है कि उसके कोच जेसी मार्श टीम के प्रदर्शन से संतुष्ट नजर आए।
मार्श ने कहा, ''यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि कनाडा की टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसे मुकाम पर है जिसकी 10 साल पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। लोगों में गजब का उत्साह है और इसलिए अब हर कोई कहेगा कि अगले विश्व कप में राउंड ऑफ 16 से नीचे आना असफलता है।''
कनाडा पहली बार विश्व कप के नॉकआउट राउंड में पहुंचा था और उसने दक्षिण अफ्रीका पर 1-0 से जीत हासिल करके अंतिम 16 में जगह बनाई थी। कनाडा तीसरी बार विश्व कप में भाग ले रहा था।
पहले हाफ में कनाडा का दबदबा रहा लेकिन मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई थी। इसके बाद ओउनाही ने अशरफ हकीमी की फ्री किक पर बॉक्स के बाहर से दाहिने पैर से शानदार शॉट लगाया और गेंद निचले दाहिने कोने में जा लगी, जिससे मोरक्को 1-0 से आगे हो गया।
ओउनाही ने 82वें मिनट में ब्राहिम डियाज के पास पर बॉक्स के मध्य से दाहिने पैर से शॉट लगाकर स्कोर 2-0 कर दिया जबकि रहीमी ने स्टॉपेज टाइम के आखिरी मिनट में गोल दागा।
स्कोर को देखकर भले ही मैच एकतरफा लग रहा हो लेकिन कनाडा ने अफ्रीकी टीम के सामने कड़ी चुनौती पेश की। मार्श का मानना था कि उनकी टीम ने मोरक्को से बेहतर प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा, ''मैंने अपने खिलाड़ियों से कहा कि मुझे उन पर गर्व है और इससे पता चलता है कि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अच्छा खेल सकते हैं।''
एपी
पंत
पंत
0507 0806 ह्यूस्टन