निर्धारित तिथियों के वैध परमिट के साथ ही तीर्थयात्रियों को अमरनाथ जाने दिया जाएगा: उपराज्यपाल
नेत्रपाल
- 04 Jul 2026, 07:27 PM
- Updated: 07:27 PM
श्रीनगर, चार जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को अमरनाथ यात्रा पर जाने के इच्छुक सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे अपनी तय तारीख के लिए वैध पंजीकरण परमिट मिलने के बाद ही यात्रा करें।
उन्होंने कहा कि सिर्फ़ पंजीकृत यात्रियों को ही तय तारीख पर पवित्र गुफा मंदिर तक जाने की अनुमति दी जाएगी।
यह अपील जम्मू-कश्मीर में बिना सही पंजीकरण के बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की वजह से की गई है।
कश्मीर घाटी में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा के लिए 57 दिन की तीर्थयात्रा तीन जुलाई को अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम रास्ते और गांदरबल जिले के छोटे लेकिन ज़्यादा खड़ी चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रास्ते से शुरू हुई। यह यात्रा 28 अगस्त को समाप्त होगी।
पहले दो दिनों में 26,000 से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने यह यात्रा की है।
उपराज्यपाल ने यहां वार्षिक अमरनाथ यात्रा के प्रबंधन और जमीनी हालात का जायज़ा लेने के लिए यहां एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उपराज्यपाल ने 'एक्स' पर कहा, ''आज मैंने एक उच्चस्तरीय बैठक में श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के प्रबंधन और ज़मीनी हालात का जायज़ा लिया। मैं सभी यात्रियों से अपील करता हूं कि वे अपनी तय तारीख के लिए वैध यात्रा पंजीकरण परमिट लेने के बाद ही यात्रा करें।''
उन्होंने कहा कि पवित्र गुफा मंदिर तक जाने की अनुमति सिर्फ उन्हीं तीर्थयात्रियों को दी जाएगी जिन्होंने अपनी तय तारीख के लिए पंजीकरण कराया है।
सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि उपराज्यपाल ने यात्रा का सुचारू और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए तीर्थयात्रियों की आवाजाही, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, ठहरने की व्यवस्था, पंजीकरण की स्थिति और अन्य व्यवस्थागत पहलुओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान यह देखा गया कि बड़ी संख्या में तीर्थयात्री बिना वैध पंजीकरण के आ रहे हैं, जिससे यात्रा करने के लिए तीर्थयात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रवक्ता के अनुसार, उपराज्यपाल ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों की निर्धारित सीमा के अनुसार ही यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
0407 1927 श्रीनगर