एनजीटी आदेशों की पालना नहीं होने पर ग्रामीणों का महापड़ाव, सीमेंट प्लांट पर प्रदूषण फैलाने का आरोप
अमित
- 25 Jun 2026, 07:12 PM
- Updated: 07:12 PM
जयपुर, 25 जून (भाषा) कोटपूतली कस्बे के जोधपुरा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिला कलेक्टरेट के बाहर महापड़ाव डालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एक सीमेंट प्लांट को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों का अनुपालन नहीं होने तथा कारखाने के संचालन से प्रदूषण एवं मकानों को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया।
जोधपुरा संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने करीब पांच माह पहले अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के संबंध में जारी एनजीटी के आदेशों को सख्ती से लागू करने की मांग की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
संघर्ष समिति के सचिव कैलाश यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन एनजीटी के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा, "हम वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं। एनजीटी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण ग्रामीणों को अपना आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।"
ग्रामीणों का कहना है कि सीमेंट फैक्ट्री में होने वाली लगातार ब्लास्टिंग के कारण आसपास के क्षेत्रों में मकानों में दरारें आ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लांट से निकलने वाली धूल के कारण बच्चों और बुजुर्गों समेत लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शुक्ला ने कहा कि पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों की जीवन स्थितियां लगातार खराब हो रही हैं। उन्होंने कहा, "हम पिछले 1295 दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं। हमारी मांगें पूरी तरह जायज हैं। एनजीटी ने भी हमारे पक्ष में आदेश दिया है, लेकिन जिला प्रशासन आदेश की अनुपालन कराने में असफल रहा है।"
शुक्ला ने कहा कि जब तक एनजीटी के आदेशों की पूरी तरह अनुपालन नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि शुक्रवार से आंदोलनकारी भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच कथित मिलीभगत का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि अदालत और एनजीटी के निर्देशों की अनदेखी की जा रही है।
इस मामले में कोटपूतली-बहरोड़ की जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।
भाषा बाकोलिया अमित
अमित
2506 1912 जयपुर