कांवड़ यात्रा: मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की
रंजन
- 04 Jun 2026, 09:27 PM
- Updated: 09:27 PM
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए बृहस्पतिवार को निर्देश जारी किए और संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर आयोजन समिति को दिल्ली सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली धनराशि में वृद्धि की जा सकती है।
गुप्ता ने मानसून के मौसम में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली धार्मिक यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में कई कांवड़ समितियों के सदस्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार, व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ समितियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया समय पर शुरू करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी तैयारियां पूरी हो जाएं ताकि एक जुलाई से पंजीकरण शुरू हो सके।
कांवड़ समितियों के प्रतिनिधियों ने बैठक में कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा दी जाने वाली मौजूदा अनुदान राशि बड़े शिविरों के लिए पर्याप्त नहीं है क्योंकि टेंट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लागत अधिक होती है।
कुछ समितियों ने अनुदान राशि बढ़ाने या सरकार द्वारा सीधे टेंट उपलब्ध कराने की पूर्व व्यवस्था को बहाल करने का सुझाव दिया।
इन सुझावों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री गुप्ता ने आश्वासन दिया कि सरकार सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी और आवश्यकता पड़ने पर अनुदान राशि बढ़ाई जा सकती है।
दिल्ली सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली और आसपास के अन्य स्थानों से हरिद्वार की ओर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और पुष्प वर्षा जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।
राजस्व विभाग ने बताया कि पिछले वर्ष दिल्ली भर में 308 कांवड़ शिविर सफलतापूर्वक संचालित किए गए। कांवड़ समितियों को पिछले वर्ष पहली बार धनराशि उपलब्ध कराई गई।
पिछले वर्ष, सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए शिविर स्थापित करने के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीएल) के माध्यम से कांवड़ समितियों को 50,000 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक की अनुदान सहायता प्रदान की।
कांवड़ यात्रा के अंतर्गत, भगवान शिव के भक्त हरिद्वार से गंगा का पवित्र जल लेकर लंबी दूरी पैदल तय करते हैं और इसे देवता के मंदिरों में अर्पित करते हैं।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
0406 2127 दिल्ली