जैसलमेर में रिजॉर्ट की दीवार गिरने से युवा लोक कलाकार की मौत: पुलिस
राजकुमार
- 02 Jun 2026, 03:35 PM
- Updated: 03:35 PM
जैसलमेर, दो जून (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले में सोमवार देर रात तेज अंधड़ के दौरान रिसॉर्ट की दीवार गिरने से एक युवा लोक कलाकार की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर सम पर्यटन क्षेत्र में तेज अंधड़ के कारण रिजॉर्ट की दीवार गिर गई और वहां मौजूद कई कलाकार उसके मलबे के नीचे दब गए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बैरिसियाला गांव के लोक कलाकार स्वरूप खान (25) के रूप में हुई है जबकि तीन अन्य घायल कलाकारों में एक पुरुष और दो महिला नर्तक शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि घायलों को शुरू में एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में जैसलमेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
रिजॉर्ट मालिक बरोच खान ने बताया कि हादसे के समय लगभग 40 पर्यटक सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे थे तथा कलाकार खुले मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे, तभी पीछे की कंक्रीट की दीवार तेज हवाओं से गिर गई।
थाना प्रभारी प्रह्लाद चंद ने बताया कि स्वरूप खान को सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि आंधी से एक बिजली टावर गिरने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और मरम्मत कार्य जारी है तथा टावर को पुनर्निर्मित करने में लगभग चार दिन लगेंगे।
उन्होंने बताया कि सम क्षेत्र में 177 रिजॉर्ट चल रहे हैं, जिनमें से कुछ अनियमित हैं। उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रिजॉर्ट्स सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्थान के थार मरुस्थल में सम राज्य के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है जहां पर्यटक ऊंट सफारी का आनंद लेते हैं।
उन्होंने कहा कि शाम के समय आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिनमें लोक संगीत और नृत्य शामिल होते हैं, पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होते हैं।
मांगणियार समुदाय के कलाकार इस कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे। यह समुदाय पश्चिमी राजस्थान का प्रसिद्ध लोक संगीत समूह है, जिसकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां थार मरुस्थल आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण होती हैं।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार
0206 1535 जैसलमेर