मणिपुर में छह लोगों की रिहाई की मांग को लेकर नगा समुदाय का प्रदर्शन
सुभाष
- 25 May 2026, 04:39 PM
- Updated: 04:39 PM
(फोटो के साथ)
इंफाल, 25 मई (भाषा) मणिपुर की राजधानी इंफाल में सोमवार को नगा समुदाय के सैंकड़ों सदस्यों ने विरोध रैली निकालकर संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा कथित रूप से बंधक बनाए गए छह लोगों को तत्काल रिहा किए जाने की मांग की।
'नगा पीपुल्स यूनियन इंफाल' की ओर से आयोजित रैली में मेइती समुदाय के कई सदस्य भी शामिल हुए। रैली इंफाल ईस्ट जिले में ट्राइबल मार्केट इलाके से शुरू हुई और मुख्यमंत्री के बंगले की ओर बढ़ी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आवास से लगभग 200 मीटर दूर पैलेस गेट के पास सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
हालांकि, उन्होंने बताया कि संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल को आगे जाने और मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह को ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी गई।
ज्ञापन में संगठन ने छह नगा लोगों को बंधक बनाने के आरोपी सशस्त्र कुकी उग्रवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनके पति उग्रवादी संगठन कुकी नेशनल फ्रंट (प्रेसिडेंशियल) का नेतृत्व करते हैं और अपहरण के लिए जिम्मेदार हैं।
ज्ञापन में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और कुकी उग्रवादी समूहों के बीच हुए 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस' (एसओओ) समझौते को रद्द करने तथा "कुकी शरणार्थियों" को निर्वासित करने की भी मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने "नेमचा किपजेन इस्तीफा दो, इस्तीफा दो", "बिना शर्त छह नगाओं को रिहा कराओ" और "एसओ खत्म करो" जैसे नारे लगाए।
किपजेन को निशाना बनाते हुए एक पोस्टर पर लिखा था, "किसी उग्रवादी की पत्नी उपमुख्यमंत्री कैसे बन सकती है?"
उल्लेखनीय है कि 13 मई को कांगपोकपी और सेनापति जिलों में तीन गिरजाघर पदाधिकारियों की घात लगाकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद, सशस्त्र समूहों ने 38 से अधिक लोगों का अपहरण करके उन्हें बंधक बना लिया था।
बंधक बनाए गए लोगों में 32 (12 नगा महिलाएं और 16 कुकी) को बाद में रिहा कर दिया गया। हालांकि, छह नगा पुरुष अब भी लापता हैं और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
इस बीच, कुकी इनपी मणिपुर ने दावा किया कि उसके समुदाय के 14 लोग अब भी नगा समूहों द्वारा बंधक बनाकर रखे गए हैं।
भाषा जोहेब सुभाष
सुभाष
2505 1639 इंफाल