ओडिशा के विकास के लिए स्थिर कानून व्यवस्था का माहौल जरूरी : माझी
दिलीप
- 23 May 2026, 08:55 PM
- Updated: 08:55 PM
भुवनेश्वर, 23 मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि राज्य के आर्थिक विकास के लिए कानून-व्यवस्था का स्थिर माहौल आवश्यक है।
माझी ने राज्य में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और औद्योगीकरण की गति पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान ये टिप्पणियां कीं।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) हेमंत शर्मा, डीजीपी वाई.बी. खुरानिया और मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्रा उपस्थित थे।
यह बैठक शुक्रवार को कटक के अथागढ़ इलाके में बीजद विधायक रणेंद्र प्रताप स्वैन पर कथित हमले को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुई।
इससे पहले दिन में, विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि "भाजपा समर्थित गुंडों" ने स्वैन को उनके सार्वजनिक कर्तव्यों का पालन करने से रोका।
इस घटना को राज्य में "तेजी से बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति" का सबूत बताते हुए पटनायक ने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक संस्थानों पर सीधा हमला है।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में माझी ने 14 मई को जारी निर्देशों के कार्यान्वयन की समीक्षा की, जिसमें उन्होंने डीजीपी को अपराधियों के बीच भय पैदा करने, जनता का विश्वास बहाल करने और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया था।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को सूचित किया गया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिसमें संबलपुर और ब्रह्मपुर में हाल ही में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों का हवाला दिया गया, जिनमें आरोपी व्यक्ति घायल हो गए थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, माझी ने पुलिस को जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यवस्था में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए अधिक दक्षता, सतर्कता और व्यावसायिकता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
भाजपा सरकार की दूसरी वर्षगांठ (12 जून) से पहले आयोजित बैठक में चुनावी वादों, कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और राज्य के लिए भविष्य की विकास योजनाओं पर हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की देखरेख करने वाले शर्मा के साथ औद्योगीकरण की गति पर भी चर्चा की।
भाषा
प्रशांत दिलीप
दिलीप
2305 2055 भुवनेश्वर