दिल्ली एम्स ने त्विषा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम के लिए चार सदस्यीय बोर्ड गठित किया, भोपाल जाएगी टीम
संतोष
- 23 May 2026, 04:35 PM
- Updated: 04:35 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने चार वरिष्ठ चिकित्सकों वाले एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया है, जो अभिनेत्री एवं मॉडल त्विषा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए राज्य के एक विशेष विमान से आज शाम को भोपाल रवाना होगा।
एम्स के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि अदालत के आदेश में दिल्ली एम्स के निदेशक को मेडिकल बोर्ड गठित करने के लिए अधिकृत किया गया है।
अस्पताल को मध्य प्रदेश सरकार के अधिकारियों से रविवार सुबह पोस्टमार्टम करने का आदेश और अनुरोध प्राप्त हुआ।
डॉ. गुप्ता ने निदेशक की स्वीकृति से एम्स दिल्ली के चार वरिष्ठ चिकित्सकों की सदस्यता वाले एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया। डॉ. गुप्ता ने कहा, "नवीनतम उपकरणों से लैस यह टीम आज शाम 6 बजे राज्य के एक विशेष विमान से रवाना होगी।''
उन्होंने बताया कि 33 वर्षीय अभिनेत्री एवं मॉडल का शव फिलहाल एम्स भोपाल के मुर्दाघर में रखा हुआ है।
इस हाई-प्रोफाइल मौत के मामले में शुक्रवार को तेज घटनाक्रम देखने को मिला। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने एम्स दिल्ली के विशेष दल द्वारा दूसरी बार पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। वहीं पीड़ित के पति ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली और उसकी मां एवं एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को पुलिस के साथ असहयोग करने के कारण जमानत रद्द करने का नोटिस भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि मॉडल से अभिनेत्री बनीं महिला की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार उसके पति समर्थ सिंह को शुक्रवार देर रात भोपाल लाया गया। समर्थ से पूछताछ के लिए पुलिस उसकी हिरासत लेने की तैयारी में है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व न्यायाधीश और भोपाल उपभोक्ता अदालत की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के पुत्र समर्थ सिंह (पेशे से वकील) को देर रात करीब दो बजे कटारा हिल्स पुलिस थाने लाया गया।
भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस पूछताछ के लिए उसकी हिरासत का अनुरोध करेगी।''
नोएडा निवासी त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी पाई गई थीं। ससुराल वालों का आरोप है कि त्विषा नशे की आदी थीं, जबकि त्विषा के परिवार का कहना है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।
भाषा
अमित संतोष
संतोष
2305 1635 दिल्ली