असम: सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई में म्यामां का कुख्यात तस्कर गिरफ्तार
नेत्रपाल
- 17 May 2026, 08:17 PM
- Updated: 08:17 PM
गुवाहाटी, 17 मई (भाषा) स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने सीमा पार से 'मेथामफेटामीन' और 'हेरोइन' की तस्करी में शामिल म्यामां के एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। रविवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि यह गिरफ्तारी शनिवार को ब्यूरो द्वारा भारत-म्यामां सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर की जा रही निरंतर कार्रवाई के तहत व्यापक निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने, अंतरराज्यीय समन्वय के बाद दिल्ली में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान थानसिंटुआंग उर्फ चिंटुआंग उर्फ तलुआंगा के रूप में हुई है और वह 2026 में एनसीबी द्वारा पकड़ा गया म्यामां का दूसरा कुख्यात तस्कर है।
बयान में कहा गया कि चिंटुआंग म्यांमा-मिजोरम-मणिपुर-असम-त्रिपुरा कॉरिडोर में सक्रिय सबसे बड़े तस्करों में से एक बन गया था और उसे म्यांमा से मेथामफेटामीन और हेरोइन की विदेश में आपूर्ति करने वाला प्रमुख तस्कर माना जाता है।
जांच में पता चला कि वह मिजोरम, मणिपुर, असम और त्रिपुरा के रास्ते मादक पदार्थों की खेप भारत और बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने वाले सीमा पार तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
वह एनसीबी और अन्य एजेंसियों द्वारा स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) कानून के तहत दर्ज कई मामलों में वांछित था। मिजोरम पुलिस द्वारा 2025 में दर्ज दो मामलों में भी उस पर मेथामफेटामीन और हेरोइन की तस्करी का आरोप है। इसके अलावा, 2023 में मिजोरम आबकारी एवं स्वापक विभाग द्वारा दर्ज छह मामलों में भी उसका नाम सामने आया था।
एनसीबी के अनुसार, लगभग 115 करोड़ रुपये के अवैध मादक पदार्थ कारोबार में उसकी संलिप्तता का पता चला है और वह म्यांमा-मिजोरम-त्रिपुरा-असम कॉरिडोर से संबंधित सात एनडीपीएस मामलों में शामिल था तथा म्यांमा-मणिपुर-असम कॉरिडोर से जुड़े पांच अन्य मामलों में भी संदिग्ध है।
चिंटुआंग 2024 में एनसीबी अगरतला जोन द्वारा 14 किलोग्राम मेथामफेटामीन और 2.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद किए जाने के मामले में मुख्य आरोपी था। वह 2025 के एक अन्य मामले में भी मुख्य आरोपी था, जिसमें 49.1 किलोग्राम मेथामफेटामीन टैबलेट जब्त की गई थीं।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
1705 2017 गुवाहाटी