दिल्ली पुलिस ने 1.83 करोड़ रुपये के कनाडा वीजा धोखाधड़ी मामले में आव्रजन सलाहकार को गिरफ्तार किया
नेत्रपाल
- 17 May 2026, 07:43 PM
- Updated: 07:43 PM
नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक आव्रजन सलाहकार को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने व्यापार निवेश कार्यक्रम के माध्यम से कनाडा में प्रवास दिलाने का झूठा वादा करके एक महिला से लगभग 1.83 करोड़ रुपये की ठगी की। यह जानकारी रविवार को पुलिस के एक अधिकारी ने दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र शर्मा ने कनाडा संबंधी आव्रजन और विदेशी निवेश कार्यक्रमों में विशेषज्ञता का दावा किया तथा महिला को आश्वासन दिया कि निवेश से उसे कनाडा में रहने में मदद मिलेगी। लेकिन उसने महिला द्वारा तथाकथित निवेश के लिए भेजे गए पैसे को हड़प लिया।
अधिकारी ने कहा, ''शिकायतकर्ता ने कोविड महामारी की पहली लहर के बाद रोजगार के बेहतर अवसरों की तलाश में कनाडा जाने की योजना बनाई थी।''
पुलिस के अनुसार, इस दौरान महिला शर्मा के संपर्क में आई, जिसने कथित तौर पर खुद को एक आव्रजन परामर्श कंपनी के निदेशक (संचालन) के रूप में पेश किया और कनाडाई आव्रजन व विदेशी निवेश कार्यक्रमों में विशेषज्ञता का दावा किया।
इसने बताया कि शर्मा ने महिला को कनाडा में एक कथित व्यावसायिक निवेश योजना में 2,50,000 कनाडाई डॉलर का निवेश करने के लिए प्रेरित किया और इसके अतिरिक्त पेशेवर शुल्क के रूप में 45,000 कनाडाई डॉलर प्राप्त किए।
अधिकारी ने कहा, ''कथित तौर पर हड़पी गई कुल राशि 2,95,000 कनाडाई डॉलर (लगभग 1.83 करोड़ रुपये) थी।''
आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया था कि यह निवेश उसे कनाडा में प्रवास हासिल करने के साथ-साथ 'वर्क परमिट' और व्यवसाय स्वामित्व अधिकार प्राप्त करने में मदद करेगा।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''उसका विश्वास जीतने के लिए शर्मा ने कथित तौर पर ऐसे दस्तावेज तैयार किए जिनमें दिखाया गया था कि वह कनाडा स्थित एक आतिथ्य कंपनी में निदेशक और शेयरधारक बनेगी।''
हालांकि, बाद में हुई जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता को कंपनी में कभी शेयरधारक या निदेशक के रूप में शामिल नहीं किया गया था और स्वामित्व अन्य व्यक्तियों के पास ही रहा।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता के वीजा आवेदन को कनाडाई अधिकारियों ने तीन बार खारिज कर दिया, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर झूठे आश्वासन देकर और पुनर्विचार के लिए आवेदन दाखिल करके उसे गुमराह करना जारी रखा।
इसने बताया कि आरोपी से एक लैपटॉप बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर अपराध को अंजाम देने में किया गया था।
पुलिस ने बताया कि पंजाब के डेरा बस्सी निवासी शर्मा एमबीए स्नातक है। इसने कहा कि मामले में जांच जारी है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल
1705 1943 दिल्ली