हिमंत की पत्नी की ओर से दायर मामलों के सिलसिले में पवन खेड़ा से पुलिस की लंबी पूछताछ
राजकुमार
- 13 May 2026, 11:32 PM
- Updated: 11:32 PM
(तस्वीरों के साथ)
गुवाहाटी, 13 मई (भाषा) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मामलों के संबंध में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा से बुधवार को असम पुलिस की अपराध शाखा ने 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।
खेड़ा ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार सुबह अपराध शाखा के सामने दोबारा पेश होने के लिए कहा गया है। खेड़ा के इस आरोप के बाद मामले दर्ज किए गए कि रिंकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेश में अघोषित संपत्तियां हैं।
पूछताछ के बाद पत्रकारों से बात करते हुए खेड़ा ने कहा कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। मेरा कर्तव्य है कि मैं सहयोग करूं और संविधान है, मैं उसका पालन करूंगा।"
उन्होंने कहा, "मुझे बृहस्पतिवार सुबह 9:30 बजे फिर बुलाया गया है और मैं आऊंगा। मैं पुलिस के साथ सहयोग कर रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा।"
लंबी पूछताछ के बारे में पूछे जाने पर खेड़ा ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
खेड़ा ने अपराध शाखा कार्यालय में प्रवेश करने से पहले पत्रकारों से कहा कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''मुझे पुलिस ने तलब किया था, जिसके बाद मैं यहां आया हूं। हम कानून और न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, इसलिए मैं कानूनी प्रक्रिया के अनुसार यहां उपस्थित हूं।''
खेड़ा ने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद वह मीडिया से विस्तार से बात करेंगे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, ''कानून अपना काम करेगा, लेकिन हमें केंद्र सरकार से लिखित में यह सूचना मिल चुकी है कि खेड़ा द्वारा प्रदर्शित दस्तावेज फर्जी थे।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए पुलिस जांच में ज्यादा समय नहीं लगेगा और वह निर्धारित समय के भीतर आरोप पत्र दाखिल कर सकेगी।
शर्मा ने कहा, ''अगर वह (खेड़ा) सहयोग करना जारी रखते हैं, तो आरोप पत्र या अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने में तेजी आएगी, लेकिन अगर वह सहयोग नहीं करते हैं, तो इसमें समय लग सकता है। हम मामले को जल्द से जल्द निपटाना चाहते हैं।''
शर्मा की पत्नी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों के तहत गुवाहाटी अपराध शाखा पुलिस थाने में खेड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक शिकायतें दर्ज कराई थीं।
भाषा
प्रशांत राजकुमार
राजकुमार
1305 2332 गुवाहाटी