शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा पर पूर्व मेदिनीपुर, नंदीग्राम में जश्न
पवनेश
- 08 May 2026, 10:12 PM
- Updated: 10:12 PM
कोलकाता, आठ मई (भाषा) शुभेंदु अधिकारी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा के बाद उनके गृह नगर पूर्व मेदिनीपुर और निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में शुक्रवार को जश्न मनाया गया।
अधिकारी के समर्थकों ने 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए और उनके शांति कुंज स्थित आवास के बाहर नृत्य किया। पूर्व मेदिनीपुर शहर की सड़कों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्साहित समर्थकों का सैलाब उमड़ा। यह शहर वर्षों से अधिकारी परिवार — जिसमें उनके पिता शिशिर अधिकारी और भाई दिव्येंदु अधिकारी शामिल हैं, से करीबी रूप से जुड़ा रहा है।
क्षेत्र की निवासी मालती हाजरा ने कहा, ''हम इस दिन का इंतजार कर रहे थे। दादा हमारे परिवार के बड़े सदस्य जैसे हैं। भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाना इस बात का संकेत है कि वह कुछ ही घंटों में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।''
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राज्य के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में अधिकारी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथग्रहण का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इसके पास के नंदीग्राम के हर हिस्से में तेज संगीत के साथ विजय जुलूस निकाले गए। इस दौरान ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और अन्य वाहनों में अधिकारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीरों पर गुलाल लगाया गया और उन पर मालाएं पहनाई गईं।
स्थानीय व्यापारी पबित्र मैती ने कहा, "हमें खुशी है कि पूर्व मेदिनीपुर का एक 'भूमिपुत्र' राज्य की कमान संभालने जा रहा है। हमें इस बात की भी खुशी है कि राज्य की बागडोर संभालने के मामले में जिलों पर कोलकाता का वर्चस्व अब खत्म होने जा रहा है।"
भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि बंगाल में भय का माहौल समाप्त हो गया है और उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य अब "विश्वास" के युग की ओर बढ़ेगा।
बंगाल में भाजपा के उदय के प्रमुख सूत्रधारों में से एक शुभेंदु अधिकारी शनिवार सुबह यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश
0805 2212 कोलकाता